भारत

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में बना हवा का दबाव और गहराने की आशंका

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व और आसपास के क्षेत्रों में बने हवा के दबाव के अगले 24 घटों में तेज होने और गहरे दबाव में बदलने की आशंका है। इसके आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों में पहुंचने पर कुछ कमजोर होने की संभावना है, लेकिन इसके प्रभाव से उत्तरी आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओड़िसा में आज कई स्थानों पर बारिश हो सकती है।

मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अंडमान निकोबार द्वीप समूह के ज्यादातर इलाकों में बारिश होने और कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की उम्मीद है।

अंडमान निकोबार प्रशासन ने पर्यटकों और द्वीप वासियों की सुरक्षा के लिए सभी ऐहतियाती कदम उठाए हैं और आज मौसम में कुछ सुधार के बाद जलयान सेवाएं सामान्‍य हो रही हैं। नेलद्वीप में फंसे पर्यटकों को लाने के लिए चार जहाजों को रवाना किया गया है।

विमान कंपनियों से कहा गया है कि जिन पर्यटकों को आज अपने गंतव्‍य तक पहुंचना है उनसे टिकट के बदले अतिरिक्‍त भाड़ा न बसूला जाए।

खराब मौसम के कारण पोर्टब्‍लेयर से आज विशाखापटनम के लिए रवाना होने वाले एक यात्री जहाज को स्‍थगित कर दिया गया है।

मछुआरों से कहा गया है कि वह कल तक समुद्र में न जाएं।

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक में ब्याज दर को अपरिवर्तित रखने का फैसला किया

रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया ने इस साल की अपनी आखिरी मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक में ब्याज दर में कोई बदलाव नहीं करने का फैसला किया है। आरबीआई के इस फैसले के बाद सरकार की सस्ते कर्ज की उम्मीद को झटका लगा है।

मुद्रास्फीति और राजकोषीय घाटे में बढ़ोत्तरी के जोखिम के मद्देनजर रिजर्व बैंक ने मौद्रिक नीति समीक्षा में प्रमुख ब्याज दर को ज्यों का त्यों बरकार रखा।

केंद्रीय बैंक ने वित्त वर्ष के अंत तक के लिए मुद्रास्फीति के अपने पिछले अनुमानों को बढ़ाकर 4.3-4.7 प्रतिशत के दायरे में कर दिया है।

रिजर्व बैंक के गवर्नर उर्जित पटेल की अध्यक्षता वाली छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एम पी सी) ने चालू वित्त वर्ष की पांचवीं मौद्रिक नीति समीक्षा में मुख्य नीतिगत दर रेपो को 6 प्रतिशत पर यथावत रखा। रिवर्स रेपो दर भी 5.75 प्रतिशत पर ही रखी गई है।

रिजर्व बैंक ने कहा है कि उसने महंगाई दर पर अंकुश के अपने मध्यकालिक लक्ष्यों को ध्यान में रखते हुए नीतिगत ब्याज दर में बदलाव नहीं करने का निर्णय किया है। बैंक का लक्ष्य वृद्धि को समर्थन देते हुये खुदरा मुद्रास्फीति को चार प्रतिशत के स्तर पर बनाए रखना है।

केंद्रीय बैंक ने हालांकि, चालू वित्त वर्ष के अपने आर्थिक वृद्धि के अनुमान को 6.7 प्रतिशत पर पूर्ववत रखा है, लेकिन तीसरी और चौथी तिमाही के दौरान मुद्रास्फीति के अनुमान को पहले के 4.2-4.6 से बढ़ाकर 4.3-4.7 प्रतिशत कर दिया।

रिजर्व बैंक ने इससे पहले अगस्त में मुख्य नीतिगत दर रेपो को 0.25 प्रतिशत घटाकर 6 प्रतिशत कर दिया था। रिवर्स रेपो दर भी तब इतनी ही घटकर 5.75 प्रतिशत कर दी गई थी।

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज शाम समाप्त होगा

गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार आज शाम समाप्त हो जाएगा। इस चरण में कच्छ, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात की 89 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे।

राजनीतिक दल मतदाताओं को आकृष्ट करने के अंतिम प्रयासों में लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सूरत में जनसभा को सम्बोधि‍त करेंगे। भारतीय जनता पार्टी अध्य्क्ष अमित शाह कडाना, खेरालू, सिद्धपुर और देहगाम में जनसभाएं करेंगे। उत्तरप्रदेश के मुख्यामंत्री योगी आदित्यनाथ भी कई जनसभाओं को सम्बोधि‍त करेंगे।

दूसरी ओर पूर्व प्रधानमंत्री तथा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनमोहन सिंह आज राजकोट में और पार्टी नेता आनंद शर्मा वडोदरा में पार्टी के पक्ष में प्रचार करेंगे।

राष्‍ट्र के संविधान निर्माता डॉक्‍टर भीम राव आम्‍बेडकर की 62वीं पुण्‍य तिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि

डॉ. भीमराव आम्‍बेडकर के 62वें महापरिनिर्वाण दिवस पर आज भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नई दिल्ली में संसद भवन परिसर में उनकी प्रतिमा पर श्रद्धा सुमन अर्पित किए।  

लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, उपाध्यक्ष एम थम्‍बीदुरई, पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, गृह मंत्री राजनाथ सिंह, सामाजिक न्याय और आधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत तथा अन्य गणमान्य लोगों ने डॉ. आम्‍बेडकर को श्रद्धांजलि दी।

डॉक्टर आम्‍बेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर सूचना और प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी ने अपने ट्वीट संदेश में कहा कि सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने और समावेशी समाज का निर्माण करने के लिए राष्ट्र डॉक्टर आम्‍बेडकर के प्रयासों के प्रति ऋणी है।

महापरिनिर्वाण दिवस पर आम्‍बेडकर के हजारों अनुयायियों ने मुंबई की चैत्‍य भूमि में उनके स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की। महाराष्ट्र के राज्यपाल विद्या सागर राव और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज सवेरे चैत्‍यभूमि पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किये।

कुड्डनकुलम परमाणु संयंत्र ने दो हजार मेगावॉट बिजली का उत्‍पादन कर नया रिकॉर्ड बनाया

तमिलनाडु में कुड्डनकुलम परमाणु संयंत्र ने दो हजार मेगावॉट बिजली का उत्‍पादन कर नया रिकॉर्ड बनाया।

भारत के तमिलनाडु में कुड्डनकुलम परमाणु संयंत्र ने दो हजार मेगावॉट बिजली का उत्‍पादन कर देश में परमाणु बिजली उत्‍पादन के क्षेत्र में नया रिकॉर्ड बनाया है।

संयंत्र के निदेशक ने कहा है कि कुड्डनकुलम परमाणु संयंत्र की दो इकाईयों ने आज सवेरे साढ़े तीन बजे यह महत्‍वपूर्ण उपलब्धि हासिल की।

टू जी स्‍पैक्‍ट्रम आवंटन घोटाला मामले में 21 दिसंबर को आएगा अंतिम फैसला

दिल्‍ली की एक विशेष अदालत ने कहा है कि टू जी स्‍पेक्‍ट्रम आवंटन घोटाला मामले में फैसला इस महीने की 21 तारीख को सुनाया जायेगा।

इस मामले में पूर्व दूरसंचार मंत्री ए राजा, राज्‍यसभा में डी एम के सांसद कणिमोझी और कुछ अन्‍य आरोपी हैं।

अदालत इस घोटाले से जुड़े दो अलग-अलग मामलों पर सुनवाई कर रही है। एक मामले की जांच सी बी आई और दूसरे की जांच प्रवर्तन निदेशालय कर रहा है।

प्रवर्तन निदेशालय ने महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल की सम्पत्ति ज़ब्त की

भारत में प्रवर्तन निदेशालय ने मनीलॉन्ड्रिंग मामले में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी नेता और महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल और अन्य की बीस करोड़ से अधिक की सम्पत्ति ज़ब्त कर ली है।

अब तक कुल 178 करोड़ रुपये ज़ब्त किये गये हैं।

प्रवर्तन निदेशालय ने नई दिल्ली में नये महाराष्ट्र सदन से संबंधित मनीलॉन्ड्रिंग मामले में धनशोधन रोकथाम अधिनियम के तहत पिछले साल मार्च में भुजबल को गिरफ्तार किया था।

असम में नागरिकता दावों को लेकर भारत के सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला

असम में नागरिकता दावों को लेकर भारत के सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि ग्राम पंचायत सचिव द्वारा जारी प्रमाण पत्र नागरिकता के सबूत हैं।

भारत में सुप्रीम कोर्ट ने असम नागरिकता दावों के बारे में कहा है कि पंचायत सचिव और कार्यकारी मैजिस्ट्रेट द्वारा जारी प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल किया जा सकता है बशर्ते कि वे समुचित जांच के बाद जारी किए गए हों।

सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति रंजन गोगोई और न्यायमूर्ति आर एफ नरीमन की एक पीठ ने गुवाहाटी उच्च न्यायालय के उस आदेश को खारिज कर दिया जिसमें उसने नागरिकता का दावा करने के लिये इन प्रमाण पत्रों को अमान्य बताया था।

सुप्रीम कोर्ट के पीठ ने यह भी कहा कि ग्राम पंचायत सचिव द्वारा जारी प्रमाण पत्र नागरिकता के सबूत हैं बशर्ते उनके पास उनके परिवार की पीढ़ियों का विवरण हो।

सुप्रीम कोर्ट गुवाहाटी उच्च न्यायालय के आदेश को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था।

ओखी तूफान के मद्देनज़र गुजरात और महाराष्‍ट्र में हाई अलर्ट

ओखी तूफान के मद्देनज़र गुजरात और महाराष्‍ट्र में हाई अलर्ट। मुम्‍बई में आज स्‍कूल बंद, लोगों को समुद्र तट पर न जाने की सलाह।

 - निर्वाचन आयोग ने गुजरात में पूर्व अनुमति के बिना शुक्रवार और शनिवार को प्रिंट मीडिया में विज्ञापन प्रकाशित करने पर रोक लगाई। चुनाव के पहले चरण का प्रचार चरम पर।

- जनता दल यूनाइटेड के बागी सांसदों शरद यादव और अली अनवर की राज्‍यसभा सदस्‍यता समाप्‍त।

- भारत के वित्‍त मंत्री अरुण जेटली ने राजस्‍व आसूचना निदेशालय के अधिकारियों से तस्‍करी और जाली मुद्रा के प्रसार को रोकने के लिए नए तरीके तलाशने को कहा।

- विजय माल्‍या के प्रत्‍यर्पण की सुनवाई लंदन की एक अदालत में शुरू।

- भुवनेश्‍वर में हॉकी वर्ल्‍ड लीग फाइनल के मैच में जर्मनी ने भारत को दो-शून्‍य से हराया।

गुजरात विधानसभा चुनाव में सभी 182 सीटों पर वीवीपीएटी का इस्तेमाल होगा: मुख्य चुनाव आयुक्त

भारत के मुख्‍य निर्वाचन आयुक्‍त अचल कुमार जोति ने कहा है कि गुजरात विधानसभा चुनाव में 182 सीटों के लिए सभी मतदान केंद्रों में इलेक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों के साथ मतदाता पुष्टि पर्ची का भी इस्‍तेमाल किया जाएगा। वे आज शाम अहमदाबाद में एक संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित कर रहे थे।

जहां तक मतदाता पुष्टि पर्ची का सवाल है, सभी 182 वि‍धानसभा क्षेत्रों के 50 हजार 264 मतदान केंद्रों पर मतदाता पुष्टि पर्ची वाली इलेक्‍ट्रॉनिक मशीनों का इस्‍तेमाल किया जाएगा। आयोग के निर्देशों के अनुसार, राज्‍य एवं सभी जिला स्‍तर पर मतदाता पुष्टि पर्ची वाली मशीन के इस्‍तेमाल के लिए व्‍यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है जिससे मतदाताओं और राजनीतिक दलों को मतदाता पुष्टि पर्ची के माध्‍यम से मतदान की पारदर्शिता समझाई जा सकें।

अगर किसी उम्‍मीदवार को ये लगता है कि इलेक्‍ट्रॉनिक वोटिंग मशीन में गड़बड़ी है, तो वह निर्वाचन अधिकारी से इसकी शिकायत कर सकता है।

दो दिन के गुजरात दौरे में चुनाव आयोग ने विभिन्‍न राजनीतिक पार्टियों से मुलाकात की और उनकी चिंता और समस्‍याओं को सुना। राज्‍य में मुक्‍त न्‍यायी और शांतिपूर्ण चुनाव कराने के लिए चुनाव आयोग ने उनके सुझाव भी लिये। चुनाव आयोग ने जिला चुनाव अधिकारी, जिला पुलिस अधीक्षक, पुलिस आयुक्‍त और राज्‍य सरकार के वरिष्‍ठ अधिकारियों के साथ बैठक करके चुनाव तैयारियों की समीक्षा की। चुनाव आयोग ने राजनीतिक पक्षों की चिंता पर ध्‍यान देने और मतदाताओं में विश्‍वास बहाल करने के लिए राज्‍य के चुनाव तंत्रों की निगरानी और जागरूकता प्रभावी रूप से सुनिश्चित करने को कहा।

इस बीच पहले चरण के लिए चुनाव प्रचार चरम पर है, गुजरात में विधानसभा चुनाव दो चरणों में 9 और 14 दिसम्‍बर को होगा। मतगणना 18 दिसम्‍बर को होगी।

हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव की मतगणना भी इसी दिन होगी।