भारत

लक्षद्वीप को ओखी तूफ़ान से मिली राहत

भारत के प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के शासन में गुजरात का विकास तेज़। विभिन्‍न राजनीतिक दलों के प्रमुख प्रचारक गुजरात पहुंचे।

- भारत के राष्‍ट्रपति रामनाथ कोविंद ने दिव्‍यांग जन अधिकार और उनकी आवश्‍यकताओं के प्रति संवेदनशील होने का आह्वान किया। अंतर्राष्‍ट्रीय दिव्‍यांग जन दिवस के अवसर पर उन्‍होंने राष्‍ट्रीय पुरस्‍कार प्रदान किए।

- ईरान के राष्‍ट्रपति हसन रूहानी ने चाबहार बंदरगाह के पहले चरण का उद्घाटन किया। चाबहार पाकिस्‍तान से अलग  ईरान, भारत और अफगानिस्‍तान के बीच एक नया महत्‍वपूर्ण मार्ग।

- चक्रवाती समुद्री तूफान ओखी के लक्षद्वीप से उत्‍तर पश्चिम की ओर बढ़ने से वर्षा और तूफान से कुछ राहत। तूफान से सबसे अधिक प्रभावित मिनीकॉय और कालपेनी द्वीपों में राहत कार्य और दो सप्‍ताह जारी रहेंगे। तमिलनाडु के कन्‍याकुमारी और केरल के कोल्‍लम में 22 मछुआरों को बचाया गया।

- मध्‍यप्रदेश में भोपाल गैस त्रासदी की 33वीं बरसी पर कई सभाएं।

- क्रिकेट में टेस्‍ट कप्‍तान के तौर पर छह दोहरे शतक बनाने वाले विराट कोहली पहले बल्‍लेबाज। भारत ने 7 विकेट पर 536 रन बनाकर पहली पारी घोषित की।

चक्रवाती तूफान ओखी के असर से लक्षद्वीप में भारी वर्षा

- चक्रवाती तूफान ओखी के असर से लक्षद्वीप में भारी वर्षा। चक्रवात उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर मुड़ा। राहत और बचाव कार्य जोरों पर चल रहा है।

- गुजरात विधानसभा चुनाव के पहले चरण का प्रचार तेज, कांग्रेस और बीजेपी के वरिष्ठ नेता मतदाताओं को लुभाने में जुटे।

- ईरान-भारत और अफगानिस्तान को जोड़ने वाले चाबहार बंदरगाह के पहले चरण का आज शुभारंभ।

- भोपाल गैस त्रासदी को आज 33 वर्ष हुए।

- भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द आज 2017 के राष्ट्रीय दिव्यांगजन सशक्तीकरण पुरस्कार देंगे।

- पूर्वोत्तर भारत शीतलहर की चपेट में। हिमाचल प्रदेश का केलौंग सबसे ठंडा स्थान।

जनता दल यूनाइटेड सांसद का इस्तीफा, कहा - 'संघी नीतीश' के साथ एक पल नहीं रह सकता

जनता दल यूनाइटेड के केरल प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद वीरेन्द्र कुमार ने सांसद के पद से इस्तीफा देने का ऐलान किया है।

बुधवार (29 नवंबर) को उन्होंने कहा कि वो संघी बन चुके पार्टी अध्यक्ष नीतीश कुमार के साथ एक पल भी रहना बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने मीडिया से कहा, ''मैंने राज्य सभा से इस्तीफा देने का फैसला किया है। मैं अब नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य सभा सांसद बना रहना नहीं चाहता हूं क्योंकि उन्होंने संघ परिवार की सदस्यता ले ली है।''

उन्होंने कहा कि इस फैसले से नीतीश कुमार को अवगत करा दिया गया है। वीरेंद्र कुमार शरद यादव के करीबी समझे जाते हैं।

बता दें कि मार्च 2016 में ही वीरेन्द्र कुमार राज्य सभा सांसद बने थे। करीब सवा चार साल अभी भी उनका कार्यकाल बचा हुआ है। उन्होंने साल 2014 में अपनी पार्टी सोशलिस्ट जनता (लोकतांत्रिक) पार्टी का विलय जनता दल यूनाइटेड में कर लिया था। इससे पहले साल 1999 से लेकर 2010 तक वो पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवगौड़ा की पार्टी जनता दल सेक्यूलर में थे। 1996 में जनता दल के टिकट पर लोकसभा चुनाव जीतने के बाद केंद्र की यूनाइटेड फ्रंट सरकार में मंत्री भी थे।

वीरेंद्र कुमार मलयाली अखबार मातृभूमि के सीएमडी हैं और पीटीआई में निदेशक भी हैं। जब उनसे पूछा गया कि राज्य सभा के सभापति को इस्तीफा कब सौपेंगे तो उन्होंने कहा कि इसकी जानकारी मीडिया को दे दी जाएगी।

बता दें कि जब नीतीश कुमार ने बिहार में महागठबंधन तोड़ने और बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाने का फैसला किया, तब शरद यादव और अली अनवर के साथ-साथ वीरेन्द्र कुमार ने भी इसका विरोध किया था।

अपनी अगली रणनीति का खुलासा करते हुए वीरेंद्र कुमार ने कहा कि केरल में लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (एल डी एफ) की सहयोगी जे डी एस के नेताओं से उनकी बातचीत चल रही है। केरल में फिलहाल जे डी यू कांग्रेस की अगुवाई वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (यू डी एफ) की सहयोगी है।

लव जिहाद केस: हादिया बोली- मैं मुस्लिम हूँ, किसी ने मुझे धर्म बदलने के लिए दबाव नहीं डाला है

भारत में तथाकथित केरल 'लव जिहाद' की पीड़िता हादिया उर्फ अखिला ने कहा है कि वह मुस्लिम है और वो अपने पति के पास जाना चाहती है।

हादिया ने कहा कि उसे किसी ने धर्म बदलने को मजबूर नहीं किया है। हिन्दू धर्म से ताल्लुक रखने वाली अखिला (24) ने पिछले साल इस्लाम धर्म कबूल कर शफीन जहां नाम के मुस्लिम व्यक्ति से शादी कर ली थी। इसके बाद उसने अपना नाम हादिया रख लिया था।

हादिया शनिवार (25 नवबर) को केरल के कोच्चि से दिल्ली के लिए रवाना हुई। 30 अक्टूबर को सुप्रीम कोर्ट ने हादिया के पिता अशोकन को हादिया को सुप्रीम कोर्ट में पेश करने का आदेश दिया था।

हादिया सोमवार (27 नवंबर) को सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की पीठ के सामने उपस्थित होंगी और शादी के बारे में अपने विचार रखेंगी।

कोच्चि से रवाना होते वक्त हादिया ने मीडिया से कहा, ''मैं एक मुस्लिम हूं, मैं अपने पति के साथ जाना चाहती हूं, किसी ने मुझे धर्म बदलने के लिए दबाव नहीं डाला है।''

इस शादी को हादिया के पिता ने उच्च न्यायालय में चुनौती दी थी, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उसके पति का आतंकवादी समूह इस्लामिक स्टेट (आईएस) के साथ संबंध है। इसके बाद उच्च न्यायालय ने इस शादी को अमान्य कर दिया था।

यह मामला जब सुप्रीम कोर्ट पहुंचा, जहां 20 सितंबर को हादिया के पति शफीन ने याचिका दायर की और सुप्रीम कोर्ट से इस मामले की जांच एनआईए से नहीं कराने की मांग की। इस मामले में एनआईए टीम ने शफीन जहां का बयान भी दर्ज किया है। जांच एजेंसी एनआईए से 27 नवंबर को सुप्रीम कोर्ट में अपनी रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है।

जीएसटी से दवाइयाँ हुई महँगी, भारत में इलाज कराना हुआ महँगा

भारत में गुड्स एंड सर्विस टैक्स यानी GST ने इलाज को काफी महँगा कर दिया है। इससे भारत में इलाज कराना काफी महँगा हो गया है।

GST ने मरीज के साथ-साथ उनके परिजनों की भी मुश्किलें बढ़ा दी है। दरअसल GST लागू होने के बाद कई दवा कंपनियों ने दाम बढ़ा दिए हैं। इससे दवा काफी महँगी हो गई है। इसका व्यापक असर भारत में तेज़ी से बढ़ रहे हेल्थ टूरिज्म पर भी होगा।

GST लागू होने के बाद कंपनियों को अपने मुनाफा को बरकरार रखना था, इसलिए कंपनियों ने एम आर पी बढ़ाकर अपने मुनाफा को बरकरार रखा। दवाई कंपनियों ने दवाओं के दाम में 10 से 28 फीसदी तक इजाफा किया है।

GST में मोदी सरकार ने अगल-अगल कैटेगरी के तहत अलग-अलग टैक्स लगाया है। लाइफ सेविंग ड्रग पर 5, जनरल कैटेगरी पर 12, कॉस्मेटिक और डर्मेटोलॉजी रेंज पर 18 फीसदी GST लगाया है। जबकि प्रोटीन, न्यूट्रीशियन टेबलेट, सीरप और अन्य प्रोडक्ट पर सर्वाधिक 28 फीसदी जीएसटी लगाया है।

बटन किसी भी पार्टी के लिए दबाओ, वोट बीजेपी के लिए जा रहा है

उत्तर प्रदेश में निकाय चुनाव के प्रथम चरण का मतदान बुधवार (22 नवंबर) को हुआ। पहले चरण के तहत उत्तर प्रदेश के 24 जिलों में मतदान हुआ। लेकिन मेरठ के एक पोलिंग बूथ पर इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन में कोई भी बटन दबाने पर सिर्फ भारतीय जनता पार्टी को वोट जाने का मामला सामने आया। इसको लेकर बवाल होता रहा।

टाइम्‍स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मेरठ के अधिकारियों ने मशीन को खराब बताते हुए दावा किया कि कुछ गड़बड़ी थी। जबकि गैर-बीजेपी दलों का आरोप है कि मशीनों से छेड़छाड़ की गई थी। मेरठ के वार्ड- 89 में भी यही हाल दिखा। यहां किसी भी बटन को दबाने पर बीजेपी की पर्ची निकलती दिखी।

आम आदमी पार्टी ने फिर से ईवीएम में गड़बड़ी की आशंका जोरशोर से उठानी शुरू कर दी है। आम आदमी पार्टी ने ईवीएम छेड़छाड़ में वोट बीजेपी को जाने का मुद्दा वीडियो के जरिये दिखाया। बटन किसी भी पार्टी के लिए दबाओ, वोट बीजेपी के लिए जा रहा है।

आम आदमी पार्टी ने कहा कि उत्तराखंड में 7 मशीनों को हाई कोर्ट ने जब्त करवाया। मेरठ, कानपुर में निकाय चुनाव में भी ऐसी घटना हो रही हैं। हमने मांग की थी कि उत्तर प्रदेश निकाय चुनाव बैलेट पेपर पर हों। ऐसा कैसे हो रहा है कि सीधे वोट कमल पर जा रहा है, कभी गलती से भी वोट झाड़ू पर क्यों नही जाता है? हम मांग करते हैं कि एक सघन जांच की जाए, सेंट्रल इलेक्शन कमिशन इसकी जांच करे। ईवीएम में छेड़छाड़ हो रही है तो ये एक संवैधानिक मसला है। एक श्वेतपत्र जारी करके बताया जाए कि चुनाव आयोग इस मामले में क्या कर रहा है तो जनता का विश्वास ईवीएम में बना रहेगा। चुनाव आयोग जल्द इस मामले में मजबूत कदम उठाए।

लॉजिस्टिक्स कंपनियों को मिलेगा उद्योग का दर्जा

लॉजिस्टिक्स कंपनियों के लिए अच्छी खबर है। भारत सरकार ने लॉजिस्टिक्स कंपनियों को उद्योग का दर्जा देने का फैसला किया है।

भारत सरकार के इस कदम से इस तरह की कंपनियों को बैंकों से सस्ता लोन मिल सकेगा। सरकार के इस फैसले से इस उद्योग का इंफ्रास्टक्चर मजबूत होगा और इसका विकास हो सकेगा।

इतना ही नहीं, इससे भारत में ई कंपनियों को भी बढ़ावा मिलेगा। वित्त मंत्रालय ने इस सिलसिले में अधिसूचना  जारी किया है।

आपको बता दें कि लॉजिस्टिक्स कंपनियां वस्तुओं, सूचना, उर्जा समेत अन्य संसाधनों को एक जगह से दूसरे जगह यानी उपभोक्ता तक पहुंचाने का काम करती है। इसमें यातायात, इन्वेन्टरी, गोदाम, वस्तुओं को उतारना-चढ़ाना (हैडिलिंग), उनकी पैकेजिंग, उनकी सुरक्षा समेत कई अन्य चीजें शामिल होती है।

फ्लिपकार्ट, आमेजन समेत ई कंपनियां लॉजिस्टिक्स कंपनियों के जरिए ही आम लोगों के घर तक अपना सामान जल्द से जल्द पहुंचाने का काम करती है।

मनसे ने ब्लू प्रिंट दिखाकर चुनाव लड़ा, बीजेपी 'ब्लू फिल्म' दिखाकर चुनाव लड़ रही है: राज ठाकरे

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के प्रमुख राज ठाकरे ने सेक्स सीडी मामले में गुजरात के पाटीदार नेता हार्दिक पटेल का बचाव किया है।

उन्होंने कहा कि 2014 में हमने महाराष्ट्र में ब्लू प्रिट दिखाकर चुनाव लड़ा था और आज बीजेपी गुजरात में ब्लू फिल्म दिखाकर चुनाव लड़ रही है।

उन्होंने कहा कि हार्दिक जो कर रहा है, करने दो। तुम दरवाजे क्यों झांक रहे हो। वो जो कर रहा है, करने दो। तुम्हें उससे क्या परेशानी है?

बीजेपी और गुजरात में बीजेपी सरकार पर हमला करते हुए राज ठाकरे ने कहा कि यह डरपोक सरकार है।

मनमोहन सिंह को मिला 2017 का इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को 2017 का इंदिरा गांधी शांति पुरस्कार मिला है।

भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाली जूरी ने इंदिरा गांधी के जन्म शताब्दी की पूर्व संध्या पर यह शांति पुरस्कार दिया।

भारत के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की अध्यक्षता वाली अंतरराष्ट्रीय जूरी ने शनिवार को डॉ मनमोहन सिंह को 2017 में शांति, निरस्त्रीकरण और विकास के लिए इंदिरा गांधी पुरस्कार प्रदान किया।

राहुल-तेजस्वी लंच: मिशन 2019 की तैयारी की चर्चा

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी इन दिनों दिसंबर में होने वाले गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर काफी व्यस्त है। लेकिन इसमें से समय निकाल कर राहुल गांधी ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और आरजेडी चीफ लालू यादव के बेटे तेजस्वी के साथ लंच किया। तेजस्वी ने ट्वीट कर इस बात की जानकारी दी।

तेजस्वी ने ट्विटर पर राहुल के साथ लंच करते हुए फोटो पोस्ट की और कहा, ''मुझे शानदार लंच के लिए ले जाने के लिए राहुल गांधी का बहुत धन्यवाद। मैं राहुल का आभारी और कृतज्ञ हूं। अपने बिजी शेड्यूल से समय निकालते हुए लंच के लिए जाने के लिए आपका फिर से धन्यवाद।''

हालांकि तेजस्वी ने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह तस्वीर कहां की है।

एक दिन पहले ही तेजस्वी ने राहुल गांधी की तारीफों के पुल बांधे थे। एक के बाद एक लगातार ट्वीट करते हुए तेजस्वी ने प्रधानत्री नरेंद्र मोदी को 'गप्पू' बताया। तेजस्वी यादव ने ट्वीट में कहा कि 'पप्पू' जहां एक ओर लोकप्रियता में ऊपर जा रहे हैं, वहीं 'गप्पू' नीचे आ रहे हैं।

Thank you @OfficeOfRG for taking me out for wonderful lunch. Feel appreciated and grateful. Again thanks for taking out time out of ur tight schedule.
— Tejashwi Yadav (@yadavtejashwi) November 17, 2017