भारत

त्रिपुरा और नागालैंड में बीजेपी गठबंधन के पास सत्ता, मेघालय में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी

त्रिपुरा विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित हो गए हैं। यहा भाजपा ने 35 सीटें जीती हैं, वहीं उसकी गठबंधन सहयोगी आई पी एफ टी ने 8 सीटें जीती हैं। दोनों की कुल सीटें जोड़ दी जाए तो ये संख्या 43 होती है जो बहुमत से काफी ज्यादा है। त्रिपुरा में लेफ्ट के खाते में केवल 16 सीटें आई हैं। त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों में से 59 पर मतदान हुआ था। एक सीट पर माकपा उम्मीदवार के निधन के कारण चुनाव स्थगित कर दिया गया था।

अंतिम नतीजों के मुताबिक, नागालैंड में बीजेपी और उसकी सहयोगी एन डी पी पी (NDPP) को 29 सीटें मिल चुकी है। जबकि NPF को 27 सीटों पर जीत हासिल हुई है। जे डी यू को भी यहां एक सीट मिली है। जे डी यू ने बीजेपी गठबंधन को समर्थन देने का ऐलान किया है। यहां पर अन्य दलों को तीन सीटें मिल रही है। नागालैंड में कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली है।

मेघालय में सभी 59 सीटों के परिणाम घोषित हो चुके हैं। यहां किसी दल को बहुमत नहीं मिला है। कांग्रेस 21 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। भारतीय जनता पार्टी को यहां सिर्फ 2 सीटें मिली हैं। वहीं एन पी पी को 19 सीटें मिली हैं।

लुधियाना नगर निगम चुनावों में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की

पंजाब में लुधियाना नगर निगम चुनावों में कांग्रेस ने शानदार जीत दर्ज की है। 95 वार्ड्स में से कांग्रेस 62 वार्ड्स पर कब्जा करने में कामयाब रही। इस चुनाव में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस ने जहां 62 वार्ड्स में जीत दर्ज की तो वहीं अकाली और बीजेपी ने 21 वार्ड्स जीते। अकाली ने 11 वार्ड्स में जीत हासिल की और बीजेपी ने 10 वार्ड्स में।

वहीं आम आदमी पार्टी के हिस्से में केवल एक वार्ड ही आया। आम आदमी पार्टी प्रत्याशी बलविंदर कौर ने वार्ड नंबर 11 से जीत हासिल की। कौर ने यहां कांग्रेस प्रत्याशी को एक हजार से ज्यादा वोटों से हराया।

नवनिर्मित एल आई पी 7 वार्ड्स जीतने में कामयाब रही तो 4 वार्ड्स पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने कब्जा किया।

पंजाब के सबसे बड़े निगम के लिए 24 फरवरी को मतदान हुए थे। हालांकि, कई जगह हिंसा से जुड़ी खबरें भी सामने आई थीं। लुधियाना नगर निगम के तहत 95 वॉर्ड्स के लिए वोटिंग हुई थी। 500 के आसपास उम्मीदवार मैदान में थे।

चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, करीब 60 फीसदी वोटरों ने मतदान किया था। लुधियाना नगर निगम के तहत करीब 10 लाख 50 हजार वोटर रजिस्टर्ड हैं। इनमें 5 लाख 67 हजार पुरुष, 4 लाख 28 हजार महिलाएं और 23 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। पी टी आई ने 24 जनवरी को खबर दी थी कि विभिन्न स्थानों पर विपक्ष और सत्ताधारी नेताओं के बीच संघर्ष हुआ था।

लुधियाना नगर निगम चुनाव में मिली जीत से कांग्रेस कार्यकर्ता बेहद खुश हैं। कार्यकर्ता ढोल पीटकर अपनी जीत का जश्न मना रहे हैं। वहीं होली से पहले मिली जीत के कारण कांग्रेस आज ही होली सेलिब्रेट करते हुए देखी गई।

सीआईसी का विदेश मंत्रालय को निर्देश: पीएम मोदी की विदेश यात्राओं का बिल सार्वजनिक करें

भारत में केंद्रीय सूचना आयोग ने विदेश मंत्रालय को साल 2013-2017 के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश यात्राओं के दौरान प्रयुक्त एअर इंडिया के चार्टर्ड विमान पर आए खर्च से जुड़े दस्तावेजों को सार्वजनिक करने का निर्देश दिया है। मुख्य सूचना आयुक्त आर के माथुर ने विदेश मंत्रालय की इस दलील को खारिज कर दिया कि प्रधानमंत्री की विदेश यात्रा के लिए भारतीय वायुसेना और एअर इंडिया द्वारा दिए गए बिल की राशि, संदर्भ संख्या और बिल की तारीख से जुड़े विवरण से संबधित दस्तावेज एक स्थान पर संकलित नहीं हैं और आवेदक द्वारा मांगी गई सूचना को एकत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में अधिकारियों को लगाना पड़ेगा।

यह मामला कोमोडोर लोकेश बत्रा (सेवानिवृत्त) से जुड़ा है। उन्होंने वित्त वर्ष 2013-14 और 2016-17 के बीच प्रधानमंत्री के विदेश दौरों से संबंधित बिल, चालान और अन्य रिकॉर्ड का खुलासा करने की मांग की थी। सुनवाई के दौरान बत्रा ने कहा कि मंत्रालय ने उन्हें अधूरी जानकारी मुहैया कराई जिसके बाद उन्होंने इस शीर्ष अपीलीय प्राधिकार का रुख किया। उन्होंने कहा कि वे चाहते थे कि जनता को इस बारे में सूचित किया जाए कि ये बिल और देय राशि अदायगी के लिए किस सार्वजनिक प्राधिकार के पास लंबित हैं।

बत्रा ने कहा कि इन रिकॉर्ड को राष्ट्रीय सुरक्षा की आड़ में दबाया नहीं जा सकता। वहीं दूसरी तरफ, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विदेशी निवेश का आह्रवाहन करते हुए मंगलवार को कहा कि भारत विश्व की सबसे खुली अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और दुनिया के साथ कारोबार करने के लिए तैयार है। उन्होंने भारत-कोरिया कारोबार शिखर सम्मेलन में कहा कि सरकार ने कारोबार के लिए स्थिर माहौल बनाने की दिशा में काम किया है और मनमाने ढंग से फैसले लेने के चलन को खत्म किया है।

मोदी ने कहा, ''रोजाना के लेन-देन को सकारात्मक बनाना हमारा लक्ष्य है। हम संदेह को कुरेदने के बजाय भरोसे का विस्तार कर रहे हैं। यह सरकार की मानसिकता में संपूर्ण बदलाव दर्शाता है।'' प्रधानमंत्री ने खरीद क्षमता के आधार पर भारत के विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होने का हवाला दिया। उन्होंने कहा, ''जल्द ही हम सकल घरेलू उत्पाद के आधार पर विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएंगे। हम आज विश्व में सबसे तेजी से वृद्धि करती प्रमुख अर्थव्यवस्था भी हैं। हम स्टार्टअप के लिए सबसे बड़ी पारिस्थितिकी वाले देशों में से भी एक हैं।''

असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, हम दावा नहीं छोड़ेंगे, बाबरी मस्जिद फिर से उसी जगह पर बनेगी

ए आई एम आई एम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि अयोध्या में ही बाबरी मस्जिद रहेगी। असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि हम विवादित जमीन पर बाबरी मस्जिद का दावा कभी नहीं छोड़ेंगे। असदुद्दीन ओवैसी ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में बोलते हुए कहा, ''हमारी मस्जिद थी, है, रहेगी और इंशाल्लाह सुप्रीम कोर्ट का फैसला हमारे पक्ष में आने के बाद यह एक बार फिर से उसी जगह पर बनेगी। मुझे यकीन है कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला आस्था के आधार पर नहीं बल्कि सबूतों के आधार पर होगा।''

हैदराबाद से लोकसभा सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट का फैसला धार्मिक आस्था की बजाय सबूतों पर आधारित होगा। यहीं नहीं, उन्होंने बाबरी मस्जिद के निर्माण को लेकर अपनी प्रतिबद्धता भी जताई। ए आई एम आई एम अध्यक्ष ने कहा, ''वे लोग जो हमें डरा रहे हैं और हमारी शरीयत के खिलाफ आवाज बुलंद कर रहे हैं, वे हमें दावा छोड़ने को कह रहे हैं। मैं उन्हें बता देना चाहता हूं कि हम अपनी मस्जिद कभी नहीं छोड़ेंगे।''

पी एन बी घोटाले को लेकर भी असदुद्दीन ओवैसी ने पीएम नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। इस मुद्दे पर ओवैसी ने कहा कि प्रधानमंत्री का गीतांजलि जेम्स के मालिक मेहुल चौकसी से क्या संबंध है?

ओवैसी ने कहा, ''जो लोग हमें पाकिस्तानी कहते हैं, मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि हर्षद मेहता, केतन पारेख और नीरव मोदी मुस्लिम थे क्या? पीएम मोदी जिन लोगों को भाई कहते हैं, उन्होंने हमारे देश को लूटने का काम किया।'' ओवैसी ने कहा कि देश में मुस्लिमों का दर्जा दूसरी श्रेणी के नागरिकों का कर दिया गया है।

उन्होंने कहा, ''हम हिंदू-मुस्लिम भाई के सिद्धांत पर यकीन करते हैं, लेकिन इसने कभी हमारी मदद नहीं की। देश अब हिंदुत्व की ओर बढ़ रहा है। हमारे साथ देश में दूसरी श्रेणी के नागरिक जैसा बर्ताव किया जा रहा है।''

राहुल गाँधी ने कहा, मोदी जी ने 10 सबसे अमीर उद्योगपतियों का कर्जा माफ किया

कर्नाटक में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने केंद्र की मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों की जेबों से पैसा निकलकर उद्योगपतियों की जेबों में जा रहा है। एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा, ''पैसा किसानों, मजदूरों की जेब से निकलकर 10 उद्योगपतियों की जेब में जा रहा है। आपने देश के 10 सबसे अमीर उद्योगपतियों का लोन माफ किया, मोदी जी क्या आप हिन्दुस्तान के किसानों का लोन माफ करोगे? कोई जवाब नहीं मिला।''

बता दें कि राहुल गांधी लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार को किसानों, रोजगार और कालाधन जैसे अहम मुद्दों पर घेर रहे हैं।

राहुल गांधी ने पिछले दिनों उजागर हुए करीब साढ़े ग्यारह हजार करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक (पी एन बी) घोटाले को लेकर भी प्रधानमंत्री मोदी को घेरा था। राहुल गांधी ने कहा था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने बड़े जादूगर हैं कि लोकतंत्र को भी गायब कर सकते हैं।

राहुल गांधी ने पिछले दिनों प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' कार्यक्रम वाले ट्वीट को ट्वीट करते हुए सुझाव तक दिया था कि वह नीरव मोदी जैसे घोटालेबाजों पर बात करें।

कर्नाटक में इसी साल अप्रैल-मई में राज्य की 224 सीटों के लिए विधानसभा चुनाव होने हैं। राज्य में कांग्रेस की सरकार है। चुनावों को नजदीक देखते हुए दोनों दल कांग्रेस और भाजपा मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरा जोर लगा रहे हैं। पिछले दिनों राहुल गांधी को कर्नाटक के मंदिर और दरगाह की यात्रा करते हुए भी देखा गया था।

अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी छात्रसंघ ने कहा, संघ से जुड़े लोगों को कैंपस में घुसने नहीं दिया जाएगा

अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के सात मार्च को होने वाले दीक्षांत समारोह में भारत के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भाग लेंगे। छात्रसंघ पदाधिकारियों ने संघी मानसिकता के लोगों को कार्यक्रम से दूर रखने की मांग की है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को पत्र लिखकर कहा है कि ''हम राष्ट्रपति के आने का विरोध नहीं कर रहे, हमारा विरोध सिर्फ संघी मानसिकता से है। अगर संघ से जुड़े लोग आएंगे तो उन्हें कैंपस में घुसने नहीं दिया जाएगा।''

छात्रसंघ के सचिव मोहम्मद फहद ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के 2010 में दिए कथित बयान का जिक्र किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि मुसलमान और ईसाई इस देश के लिए विदेशी हैं, जिनसे आज तक हमें परेशानी उठानी पड़ रही है।

सचिव ने कहा कि  पत्र लिखकर साफ कहा गया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन संघ के पदाधिकारियों को आमंत्रण नहीं भेजे। जो लोग प्रोटोकॉल के मुताबिक आ रहे हैं, उन्हें आने दिया जाएगा, बाकी लोगों को नहीं।

विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद को आमंत्रण भेजे जाने के बाद से ही छात्रसंघ पदाधिकारियों ने एतराज जताना शुरू कर दिया था। छात्रसंघ पदाधिकारियों का कहना है कि अयोध्या में मस्जिद गिराने में संघ का हाथ रहा, इस नाते इससे जुड़े किसी पदाधिकारी को अगर विश्वविद्यालय प्रशासन ने बुलाया तो अंजाम भुगतना पड़ा। इससे पहले सर सैय्यद की 200 वीं जयंती पर जब विश्वविद्यालय प्रशासन ने शिक्षा राज्यमंत्री संदीप सिंह को बुलाया था तो छात्रों ने हंगामा किया था।

छात्रों ने कुलपति से माफी मांगने की बात कहते हुए कहा था कि संदीप सिंह मस्जिद कांड के आरोपियों में से एक हैं और राजस्थान के राज्यपाल कल्याण सिंह के पोते हैं, इस नाते उन्हें बुलाया जाना गलत है। बता दें कि 6 दिसंबर 1992 को जब बाबरी मस्जिद तोड़ी गई थी, उस समय उत्तर प्रदेश में बीजेपी की सरकार थी और  मुख्यमंत्री कल्याण सिंह थे।

बता दें कि 32 वर्षों के बाद अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति की मौजूदगी होगी। इससे पहले ज्ञानी जैल सिंह 1986 में आ चुके हैं, वहीं फखरुद्दीन अली अहमद ने 1976, डॉ. एस राधाकृष्णन ने 1966 और डॉ.राजेंद्र प्रसाद ने 1951 के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया था।

गिफ्ट में ब्लास्ट से दूल्हे और दादी की मौत, दुल्हन की हालत गंभीर

शादी का जश्न उस वक्त मातम में बदल गया, जब एक गिफ्ट के अचानक से फटने के कारण दूल्हे और उसकी दादी की मौत हो गई। यह घटना ओडिशा के बलांगीर के पाटनगढ़ की है। वहां एक परिवार में हुई शादी के बाद जब तोहफों को खोला जा रहा था, उस वक्त एक तोहफे में अचानक से धमाका हो गया। धमाका इतना जोरदार था कि दूल्हे और उसकी दादी की मौत हो गई, तो वहीं दुल्हन की हालत इस वक्त काफी गंभीर है। दुल्हन का इलाज इस वक्त आई जी एच राउरकेला अस्पताल में किया जा रहा है।

ओडिशा सन टाइम्स के मुताबिक, पाटनगढ़ के सौम्य शेखर साहू और रीमा साहू की शादी 18 फरवरी को हुई थी। 23 फरवरी की दोपहर यह नवविवाहित जोड़ा परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शादी में मिले तोहफों को खोल रहा था। इसी दौरान एक गिफ्ट को खोलते वक्त उसमें धमाका हो गया और जश्न का माहौल मातम में बदल गया।

सौम्य शेखर को तुरंत ही राउरकेला अस्पताल में ले जाया गया, वहां से उसे बुर्ला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहीं रीमा को जिला अस्पताल ले जाया गया। सौम्य की हालत काफी गंभीर थी, कुछ समय बाद इलाज के दौरान ही उसने दम तोड़ दिया। ब्लास्ट में सौम्य की दादी को भी काफी चोटें आई थीं। हालत गंभीर होने के कारण अस्पताल ले जाते वक्त ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

सूत्रों के मानें तो शुक्रवार की दोपहर करीब 1.20 बजे सौम्य के परिवार को रायपुर से एक गिफ्ट पार्सल आया था, जिसे खोलते वक्त धमाका हुआ था। गिफ्ट भेजने वाले के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पाटनगढ़ पुलिस के साथ-साथ वैज्ञानिकों की टीम भी इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने मीडिया को जानकारी दी है कि धमाका कच्चे बम के कारण हुआ था।

सुप्रीम कोर्ट का आधार से बैंक अकाउंट, मोबाइल लिंक करने की डेडलाइन बढ़ाने से इनकार

भारत में सुप्रीम कोर्ट ने आधार लिंकिंग से जुड़ी एक याचिक को खारिज कर दिया है। इसमें कई तरह की सेवाओं को आधार से लिंक करने की तारीख बढ़ाने की मांग की गई थी। बैंकिंग, मोबाइल आदि को आधार से लिंक करने की आखिरी तारीख 31 मार्च है।

सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस दीपक मिश्रा की अध्यक्षता वाली पांच जजों की बेंच ने 22 फरवरी को इस याचिका को खारिज कर दिया। यह याचिका सीनियर एडवोकेट श्याम दिवान ने दाखिल की थी, हालांकि दीपक मिश्रा की बेंच ने इस बात पर भी जोर दिया कि आधार एक्ट 2016 की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं की सुनवाई पूरी करते वक्त सभी मुद्दों और पक्षों की बातों का ध्यान रखा जाएगा।

दिसंबर 2017 में सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में कहा था कि आधार को बैंक, मोबाइल और दूसरी सरकारी योजनाओं से जोड़ने की तारीख 31 मार्च 2018 तक बढ़ाने के लिए वह तैयार है, जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने आधार को सभी सेवाओं से लिंक करने की तारिख 31 मार्च कर दी थी।

सबसे पहले यू आई डी ए आई की आधिकारिक वेबसाइट uidai.gov.in पर जाएं। फिर आधार सेवाओं (Aadhaar Services) वाले विभाग में आधार से बैंक अकाउंट लिंक होने के स्टेटस वाले विकल्प (Check Aadhaar & Bank Account Linking Status) पर जाएं। जैसे ही आप इस पर क्लिक करेंगे, एक नया पेज खुलेगा। यहां आपसे 12 संख्या वाला आधार नंबर मांगा जाएगा। पहले आधार नंबर दी गई जगह पर भरें। उसके बाद स्क्रीन पर एक सिक्योरिटी कोड भी दिखाएगा, जिसे देखकर भरने के बाद वन टाइम पासवर्ड (ओ टी पी) आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर आएगा।

ऐसे में आपको ओटीपी उसमें डालना होगा और फिर लॉगिन करना पड़ेगा। अगर आपका बैंक खाता आधार से लिंक हुआ होगा, तो आपको सामने यह बधाई संदेश मिलेगा- ''Congratulations! Your Bank Aadhaar Mapping has been done''  स्क्रीन पर इसी के साथ खाते का नाम, उसके आधार से लिंक होने का स्टेटस और लिंक होने की तारीख की जानकारी आएगी। सरकार ने इसे जरूरी दस्तावेजों को लिंक करने की आखिरी तारीख 31 मार्च 2018 रखी है। आधार या यूनीक आईडेंटिटी नंबर (यू आई डी) 12 संख्या का होता है। यह बायोमीट्रीक डेटा पर आधारित होता है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने बड़े जादूगर हैं जो लोकतंत्र को भी गायब कर दें: राहुल गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मेघालय के जोवाई में बुधवार (21 फरवरी) को एक चुनावी रैली में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने बड़े जादूगर हैं कि लोकतंत्र को भी गायब कर दें।

मेघालय में 27 फरवरी को चुनाव होने हैं और राज्य में पिछले तीन बार से कांग्रेस की सरकार है, अब चौथी बार पार्टी मुकुल संगमा के तौर पर कांग्रेस के चौथे मुख्यमंत्री की उम्मीद कर रही है।

राहुल गांधी ने रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा और उन्हें जादूगर कहकर तंज कसा। राहुल गांधी पी एन बी घोटाले समेत कई घोटालों के आरोपियों का जिक्र कर रहे थे। राहुल गांधी ने घोटाले के आरोपियों के भारत छोड़कर भागने के पीछे पीएम मोदी का हाथ होने का आरोप लगाया। पी टी आई के अनुसार, रैली में राहुल गांधी ने कहा, ''प्रधानमंत्री की छवि एक बड़े जादूगर की हो गई है जो अपनी उंगलियों के इशारों पर चीजों को प्रकट और गायब कर सकता है। वह अनायास ही कई चीजें प्रकट और गायब कर चुके हैं।''

उन्होंने कहा, ''विजय माल्या, ललित मोदी और नीरव मोदी जैसे घोटालेबाज जादुई तरीके से भारत से गायब होकर विदेशों में उन जगहों पर प्रकट हो गए, जहां भारतीय कानून काम नहीं करता है। मोदी जी का जादू भारत से बहुत जल्द लोकतंत्र को भी गायब कर सकता है।''

मेघालय में 60 सीटों के लिए मतदान होना है। राहुल गांधी ने विजय माल्या और नीरव मोदी जैसे घोटाले के आरोपियों का जिक्र करते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह सरकार भ्रष्टाचार को हटा तो नहीं सकती है, लेकिन इसमें अपनी सक्रिय संलिप्तता जरूर कर रही है। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी की सरकार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करने और किसानों को उनकी फसल के अच्छे दाम दिलाने में नाकाम रही।

राहुल गांधी ने कहा, ''चार साल पहले हमारे देश के प्रधानमंत्री ने देशवासियों को सपने बेचे, अच्छे दिन और हर एक खाते में 15 लाख रुपये, दो करोड़ रोजगार आदि ... भारत के आदिवासियों ने सोचा कि उन्हें भी बराबरी से हिस्सा मिलेगा और उनकी जमीनें, परंपराएं और संस्कृति महफूज हो जाएगी। लेकिन जैसे ही यह सरकार अपने कार्यकाल के अंतिम दौर में जाती है, उम्मीदें, सुरक्षा और आर्थिक तरक्की देने के बजाय यह लोगों से केवल निराशा, बेरोजगारी, डर, नफरत और हिंसा की डील करती है।''

डीआरआई ने पतंजलि आयुर्वेद की 50 टन चंदन लकड़ी जब्त की, पतंजलि चीन भेज रही थी

भारत में बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि आयुर्वेद केन्द्र सरकार की एक जांच एजेंसी के खिलाफ दिल्ली हाईकोर्ट चली गई है। दरअसल, डायरेक्ट्रेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डी आर आई) ने पतंजिल ग्रुप की 50 टन चंदन की लकड़ियां जब्त कर ली है। ये लकड़ियां पतंजलि ग्रुप द्वारा चीन भेजी जा रही थी। डी आर आई के इस कदम के खिलाफ पतंजलि ग्रुप दिल्ली हाईकोर्ट गई है।

डी आर आई ने चंदन की लकड़ियों के अलावा पतंजलि ग्रुप के प्रतिनिधि का पासपोर्ट और निर्यात से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, पतंजलि ग्रुप के पास सी ग्रेड की लकड़ियों को एक्सपोर्ट करने की अनुमति हासिल है। पर जांच एजेंसियों को शक है कि बाहर भेजी जा रही चंदन की लकड़ियों में ग्रेड-A और ग्रेड-B की लकड़ियां भी शामिल हैं।

पतंजलि ग्रुप ने नियमों को किसी भी तरह से तोड़ने की बात को खारिज किया है। पतंजलि ग्रुप ने कहा, ''हमने अब तक निर्यात नहीं किया है और अभी इसे बाहर भेजने की प्रक्रिया में ही हैं। हमने ये लकड़ियां आंध्र प्रदेश जंगल विकास निगम लिमिटेड (Andhra Pradesh Forest Development Corporation Ltd.) से खरीदी है और कुछ भी गलत नहीं किया है। एक ई-मेल का जवाब देते हुए पतंजलि ग्रुप की ओर से बताया गया कि निर्यात की प्रक्रिया में शामिल सभी दस्तावेज, परचेज ऑर्डर, परफॉर्मा इनवॉयस, कृष्णपट्टनम पोर्ट पर लकड़ियों की मौजूदगी, लकड़ियों की दर और सी कैटेगरी की लकड़ियों के निर्यात का परमिशन और लाइसेंस उसके पास मौजूद है।

पतंजलि की ओर से बताया गया है कि आंध्र प्रदेश जंगल विकास निगम लिमिटेड ने इन सभी चीजों की जांच भी की है। पतंजलि ग्रुप के प्रवक्ता ने कहा कि यह विरोधियों की साजिश का नतीजा हो सकता है। संस्था ने कहा, ''कुछ भ्रामक और झूठी सूचनाएं कुछ निहित स्वार्थ वाले तत्वों द्वारा दिए जाने की वजह से यह जांच हुई है। ग्रुप ने कहा कि कहीं भी ए या बी कैटेगरी की लकड़ियों के एक्सपोर्ट का सवाल नहीं है।''

जांच एजेंसी डी आर आई ने कहा है कि पूरी जांच होने तक पतंजलि इन सामानों को एक्सपोर्ट नहीं कर सकती है। वहीं, पतंजलि समूह ने दिल्ली हाईकोर्ट से दरख्वास्त की है कि जब्त लकड़ियों को रिलीज किया जाए।

बता दें कि पतंजलि ने चंदन की ये लकड़ियां आंध्र प्रदेश वन विभाग द्वारा की गई एक नीलामी में खरीदी थी। भारत से बेहतरीन क्वालिटी की चंदन लकड़ियों का निर्यात प्रतिबंधित है। हालांकि, सामान्य किस्म की लकड़ियों को बाहर भेजा जा सकता है। चीन चंदन की लकड़ियों का सबसे बड़ा खरीददार है।