भारत

हम चिल्ला सकते हैं, लेकिन हममें नहीं है चीन से अक्साई चिन लेने की ताकत: फारूक अब्दुल्ला

सिक्किम में भारत और चीन के बीच सीमा विवाद और डोकलाम मुद्दे को लेकर तलवारें खींची हुई है। चीन चाहता है कि भारतीय सेना डोकलाम क्षेत्र से पीछे हट जाए। हालांकि भारत किसी भी कीमत पर पीछे हटने को तैयार नहीं है। इस बीच जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला ने भारत के चीन के साथ रिश्तों को लेकर तंज कसा।

फारूक अब्दुल्ला ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा, ''चीन आज पाकिस्तान का दोस्त है, अगर हमने (भारत) उनसे दोस्ती निभाई होती तो चीन पाकिस्तान का दोस्त नहीं होता।''

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता अब्दुल्ला यही नहीं रुके। उन्होंने आगे कहा कि उनके (चीन) पास अक्साई चिन, हम उसे लेकर चिल्ला तो सकते हैं, लेकिन हमारे पास ताकत नहीं है कि हम उनसे वह ले सके।

इससे पहले जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम अब्दुल्ला ने वर्तमान मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की ओर से चीन विवाद को लेकर दिए बयान पर टिप्पणी की। अब्दुल्ला ने कहा कि मुझे नहीं पता कि चीन कश्मीर में दखल दे रहा है या नहीं। उनको ज्यादा जानकारी होगी क्योंकि वह मुख्यमंत्री हैं। मेरा मानना है कि चीन से लड़ाई करना अच्छा नहीं होगा। हम लोगों को बातचीत से मामले को हल करना चाहिए।

जब अब्दुल्ला से पूछा गया कि पहली बार किसी सीनियर नेता ने यह माना है कि चीन कश्मीर में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश कर रहा है। इस पर अब्दुल्ला ने कहा कि पता नहीं, इनके पास यह जानकारी कहां से आई है? मेरे ख्याल से जब राजनाथ जी से मिले होंगे, तब ही उनको इस बात की जानकारी हुई होगी।

जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार को कहा कि कश्मीर में बवाल के पीछे चीन का भी हाथ है। उन्होंने कहा कि अब कश्मीर के मामले में चीन भी दखल दे रहा है।

दिल्ली में गृहमंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात के बाद महबूबा ने कहा, ''कश्मीर में समस्या कानून व्यवस्था की नहीं है। बाहरी ताकतों का माहौल बिगाड़ने में हाथ है। विदेशी ताकतों द्वारा घुसपैठ की लड़ाई है और अब तो चीन भी इसमें हाथ डाल रहा है।''

यह पहली बार है जब भारत के किसी निर्वाचित नेता और खासतौर पर जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री ने कश्मीर में दखलंदाजी के लिए चीन का भी नाम लिया है। भारत हमेशा से पाकिस्तान को इसके लिए जिम्मेदार ठहराता है।

राष्ट्रपति चुनाव संकीर्ण मानसिकता वाली साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ एक जंग है: सोनिया गांधी

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर जोरदार हमला बोला है। सोनिया गांधी ने विपक्षी दलों की बैठक में कहा कि राष्ट्रपति चुनाव संकीर्ण मानसिकता वाली साम्प्रदायिक ताकतों के खिलाफ एक जंग है।

पार्लियामेंट एनेक्सी में विपक्षी दलों की बैठक में सोनिया गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति चुनाव में हमारे पास भले ही संख्या ना हो, लेकिन राजनीतिक जंग निश्चित रुप से लड़ा जाना चाहिए और जोरदार तरीके से लड़ा जाना चाहिए।

सोनिया गांधी ने विपक्षी दलों की बैठक में पीएम मोदी और बीजेपी पर भी जोरदार हमला किया। सोनिया ने कहा कि हम भारत को उन ताकतों का बंधक बनने नहीं दे सकते और नहीं बनने देंगे जो अपनी संकुचित, विभाजनकारी और साम्प्रदायिक विचारधारा देश पर थोपना चाहते हैं।

सोनिया गांधी ने कहा कि राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति देश के संवैधानिक प्रमुख होते हैं, उन्हें अपना दायित्व इस तरह निभाना पड़ता है कि देश के संविधान और कानून का संवर्धन, पोषण और रक्षण हो सके।

सोनिया गांधी ने देश की वर्तमान सरकार पर हमला बोला और आगे कहा, ''लेकिन दुख की बात ये है कि इन दोनों पदों पर संकट मंडरा रहा है।''

सोमवार 17 जुलाई को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव से पहले विपक्षी दलों का हौसला बढ़ाते हुए सोनिया गांधी ने विपक्षी दलों के राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति उम्मीदवार की शख्सियत का हवाला दिया और कहा कि मीरा जी और गोपाल कृष्ण जी के रुप में हमलोगों को सर्वोत्तम राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति मिलेगा जो देश को मौजूदा खतरे से बाहर निकाल कर ले जाएगा।

सोनिया ने कहा कि इन चुनावों में आंकड़े भले ही हमारे पक्ष में ना हों, लेकिन लड़ाई होगी और जबर्दस्त होगी।

बता दें कि उपराष्ट्रपति पद के लिए विपक्षी दलों के उम्मीदवार गोपाल कृष्ण गांधी 18 जुलाई को नामांकन दाखिल करेंगे। जबकि बीजेपी ने उपराष्ट्रपति पद के लिए अपने कैंडिडेट के नाम का ऐलान नहीं किया है।

अमरनाथ बस हादसा:16 तीर्थयात्रियों की मौत

जम्मू एवं कश्मीर में रामबन जिले के बनिहाल कस्बे में रविवार को अमरनाथ यात्रा पर जा रही एक बस खाई में गिरने से 16 तीर्थयात्रियों की मौत हो गई और 26 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

जम्मू एवं कश्मीर राज्य सड़क परिवहन की बस जम्मू से कश्मीर घाटी की ओर जा रही थी। इसी दौरान जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग पर बनिहाल में नचनाला के पास चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और यह खाई में जा गिरी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, ''इस हादसे में 16 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई और 26 अन्य घायल हो गए। मरने वालों में 14 पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।''

गंभीर रूप से घायल श्रद्धालुओं में से पांच को श्रीनगर ले जाया गया, 19 अन्य को सेना के हेलीकॉप्टर से जम्मू के गवर्मेट मेडिकल कॉलेज सुपर स्पेशियालिटी हॉस्पिटल लाया गया। दो का इलाज बनिहाल के अस्पताल में हो रहा है।

अधिकारी ने कहा कि बस में चालक समेत कुल 43 यात्री सवार थे। दुर्घटना स्थल पर स्थानीय निवासियों के साथ सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवान राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हैं।

भारत के प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिवार के लिए 2 लाख रुपये मुआवजा दिए जाने का ऐलान किया है। इसके अलावा गंभीर रूप से घायलों को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराने की घोषणा की गई है।

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि उन्होंने हादसे पर मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती से बात की है। महबूबा ने उन्हें बचाव अभियान की जानकारी दी।

महबूबा मुफ्ती ने कहा, अब बदकिस्मती से चीन भी कश्मीर में दखल देने लगा है

जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने शनिवार (15 जुलाई) को भारत के केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह को बताया कि राज्य में बाहरी ताकतें परेशानियां पैदा कर रही हैं। महबूबा ने राज्य में कानून-व्यवस्था खासकर अमरनाथ तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के बारे में राजनाथ सिंह से चर्चा के दौरान यह जानकारी दी।

गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि लगभग एक घंटे तक चली मुलाकात के दौरान महबूबा ने गृह मंत्री को बताया कि कश्मीर घाटी में शांति बनाए रखने की खातिर राज्य सरकार द्वारा क्या-क्या कदम उठाए गए हैं। उन्होंने अमरनाथ तीर्थयात्रियों पर हुये आतंकी हमले के बाद राज्य में कानून व्यवस्था के लिये केन्द्र सरकार के स्तर पर राजनाथ सिंह द्वारा किये गये प्रयासों की भी सराहना की।

अधिकारियों ने बताया कि बैठक में अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में चर्चा हुई।

बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में महबूबा ने कहा कि कश्मीर मुद्दे के मूल में कानून व्यवस्था की समस्या नहीं है बल्कि अशांति की वजह बाहरी ताकतें हैं। राज्य में जारी संघर्ष इन्हीं बाहरी ताकतों की करतूत का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि अब बदकिस्मती से चीन भी इसमें दखल देने लगा है।

महबूबा ने कहा कि ''अमरनाथ तीर्थयात्रियों पर हमले की साजिश देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के लिये रची गयी थी, लेकिन मैं खुशकिस्मत हूं कि पूरे देश ने, सभी राजनीतिक दलों और केन्द्र सरकार, खासकर गृहमंत्री ने इस त्रासदपूर्ण स्थिति से हमें उबारने में मदद की।''

इतना ही नहीं, उन्होंने जम्मू-कश्मीर का विशेष राज्य का दर्जा बरकरार रखने के राष्ट्रपति के आदेश का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि वह संविधान के अनुच्छेद 370 के तहत कश्मीर को दिये गये विशेष राज्य के दर्जा को बरकरार रखने की केन्द्र सरकार से भी अनुरोध कर चुकी हैं।

सोमवार को अनंतनाग जिले में पवित्र अमरनाथ गुफा के दर्शन करके लौट रहे श्रद्धालुओं पर आतंकी हमला हुआ था जिसमें सात यात्री मारे गए थे। जम्मू-कश्मीर में आतंकरोधी अभियानों में शामिल सुरक्षा एजेंसियों से कहा गया है कि वे सुरक्षा योजनाओं को पूरी ताकत और ऊर्जा के साथ लागू करें।

अब तक 1.86 लाख से अधिक श्रद्धालु हिमालय में स्थित पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं। इस साल अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा के लिये 21 हजार जवान तैनात किये गये हैं। यह संख्या पिछले साल की तुलना में 9500 ज्यादा है।

उत्तर प्रदेश: लखनऊ हॉस्पिटल में भयानक आग, छह मरीजों की मौत

उत्तर प्रदेश के लखनऊ में किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में शनिवार (15 जुलाई) को आग लग गई। यह हादसा रात 10 बजे के करीब हुआ। सभी मरीजों को वक्त रहते सही-सलामत निकाल लिया गया। लेकिन एबीपी न्यूज के मुताबिक, दूसरे हॉस्पिटल लेकर जाते वक्त छह मरीजों की मौत हो गई है। घटना में ट्रॉमा सेंटर को काफी नुकसान पहुंचा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तीन दिन के अंदर रिपोर्ट मांगी है। योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ मंडल आयुक्त से कहा कि जो लोग भी इसमें शामिल होंगे, उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

हॉस्पिटल में मौजूद लोगों का दावा है कि वहां आग बुझाने वाला कोई भी यंत्र काम नहीं कर रहा था जिसकी वजह से काफी दिक्कत हुई। मरीजों के घरवाले हॉस्पिटल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।

हॉस्पिटल प्रशासन के अनुसार, आग उस स्टोर में लगी थी, जहां पर दवाईयां रखी जाती हैं। प्रशासन का दावा है कि आग लगने के बाद उन्होंने करीब 150 लोगों को दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट करवाया।

वहीं मरीजों के घरवालों का कहना है कि हॉस्पिटल की तरफ से उनको कोई मदद नहीं मिली। एक न्यूज चैनल की रिपोर्ट के मुताबिक, एक स्ट्रेचर पर तीन-तीन मरीजों को लाना पड़ा था।

आग को बुझाने के लिए दमकल की आठ गाड़ियों और आग बुझाने वाले 40 लोगों को बुलाया गया था। उन लोगों को आग पर काबू पाने में तकरीबन दो घंटे का वक्त लगा। पूरे हॉस्पिटल में धुआं भर गया था जिसकी वजह से सबको सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी।

जम्मू-कश्मीर: राजौरी सेक्टर में पाकिस्तान की फायरिंग में लांस नायक मोहम्मद नसीर शहीद

जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी सेना द्वारा शनिवार की गई भारी गोलाबारी में भारतीय सेना का एक जवान शहीद हो गया। एक अधिकारी ने बताया कि कारकुंडी इलाके में नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तानी गोलाबारी में लांस नायक मोहम्मद नसीर शहीद हो गए।

पाकिस्तान ने शनिवार को राजौरी और पुंछ जिलों में नियंत्रण रेखा पर भारतीय सुरक्षा चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी शुरू की जिसका भारतीय सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।

रक्षा सूत्रों ने बताया, ''पाकिस्तान की ओर से इन दोनों जगहों पर अपराह्न 1.30 बजे के करीब संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया। पाकिस्तानी सेना ने छोटे स्वचालित हथियारों और मोर्टार से हमले किए। भारत की ओर से भी दोनों जगहों पर प्रभावी और मुंहतोड़ जवाब दिया गया।''

उन्होंने बताया, “अंतिम खबर मिलने तक दोनों जगहों पर दोनों ओर से गोलीबारी जारी है।''

बता दें कि तीन दिन पहले ही पाकिस्तानी फायरिंग में दो सैनिक शहीद हुए थे। इससे पहले बुधवार (12 जुलाई) को कश्मीर के केरन सेक्टर में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर पाकिस्तानी सैनिकों द्वारा किए गए संघर्ष विराम उल्लंघन में सेना के दो सैनिक शहीद हो गये थे।

राजौरी के अलावा पुंछ जिलों में भी नियंत्रण रेखा पर फायरिंग की गई है। हालांकि भारतीय सेना ने भी इसका मुंहतोड़ जवाब दिया।

रक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने  बताया, ''पाकिस्तानी सेना ने बिना किसी उकसावे के नियंत्रण रेखा पर भारतीय चौकियों को निशाना बनाकर भारी गोलाबारी शुरू की।''

जीएसटी के खिलाफ कांग्रेस 18 जुलाई को संसद का घेराव करेगी

जीएसटी के खिलाफ कांग्रेस 18 जुलाई को संसद का घेराव करेगी। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय माकन की अध्यक्षता में जीएसटी के मुद्दे पर मीटिंग हुई जिसमें मोदी सरकार द्वारा लागू किये गए जीएसटी का विरोध किया गया।

इस बैठक में निर्णय लिया गया कि जीएसटी के विरोध में 18 जुलाई को संसद का घेराव किया जायेगा।

इस बैठक में पटपड़गंज के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण रावत, दिल्ली प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव खतीब खान और कांग्रेस कमिटी के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।   

आदित्‍यनाथ ने घटाया शिक्षा का बजट तो राहुल गांधी ने कहा, बढ़‍िया कदम! अब सारे अस्‍पताल बंद करके पैसे बचाओ

उत्तर प्रदेश की योगी आदित्य नाथ सरकार ने 11 जुलाई को अपना पहला बजट पेश किया था। चुनाव से पहले बीजेपी ने अपने घोषणा पत्र में वादा किया था कि वह भी छात्रों को लैप्टॉप बांटेगी, लेकिन राज्य के वित्त मंत्री राजेश अग्रवाल द्वारा पेश किए गए बजट में लैप्टॉप का कोई जिक्र नहीं हुआ।

वहीं योगी सरकार को बजट में माध्यमिक शिक्षा पर आवंटित की गई रकम में कटौती करने पर कड़ी आलोचना का सामना करना पड़ रहा है। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने योगी आदित्य नाथ पर निशाना साधा है।

राहुल गांधी ने ट्विटर पर बिजनेस स्टेंडर्ड की एक खबर ट्वीट कर लिखा, ''बहुत अच्छी पहल है सीएम योगी- आप सारे अस्पताल बंद कर दीजिए, इससे आप और ज्यादा पैसे बचा पाएंगे।'' दरअसल राहुल गांधी ने यह ट्वीट कर योगी आदित्य नाथ की आलोचना की है।

बता दें कि अखिलेश सरकार के कार्यकाल के दौरान वित्त वर्ष 2016-17 में माध्यमिक शिक्षा के लिए 9,990 करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे। वहीं इस वित्त वर्ष में योगी आदित्य नाथ सरकार ने 9,414 करोड़ रुपये आवंटित किए। यानी 576 करोड़ रुपये की कटौती। योगी आदित्यनाथ सरकार का पहला सालाना बजट 3 लाख 84 हजार करोड़ का है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, योगी सरकार का यह बजट पिछले साल के बजट के मुकाबले 11 फीसदी ज्यादा है। इसमें किसान कर्ज माफी के लिए 36 हजार करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई।

वहीं बजट में ताजमहल का कोई जिक्र नहीं था जिसको लेकर भी सरकार की कड़ी आलोचना हो रही है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के वित्त वर्ष 2017-18 के बजट में 'हमारी सांस्कृतिक विरासत' सेक्शन से ताजमहल नदारद रहा। बजट में स्वदेश दर्शन योजना पेश की गई जिसके लिए 1,240 करोड़ रुपये अलॉट हुए। योजना का उद्देश्य मथुरा, काशी और अयोध्या जैसे धार्मिक स्थलों पर पर्यटन बढ़ाने का है। ठीक ऐसे ही प्रसाद योजना के लिए 800 करोड़ रुपये अलॉट हुए हैं जिसके तहत अयोध्या, वाराणसी और मथुरा के इंफ्रास्ट्रक्चर को डेवलप किया जाएगा। मगर इन सबसे ताजमहल नदारद रहा।

बजट की खास बातें:
– राज्य में वाईफाई स्कीम के लिए 50 करोड़ रुपए का प्रावधान
– बुंदेलखंड और पूर्वांचल में पीने के पानी के लिए 2800 करोड़
– हर महीने की पांच तारीख को बचपन दिवस और 15 तारीख को लाडली दिवस व 25 तारीख को मित्रत्व दिवस मनाया जाएगा
– योगी आदित्य नाथ के संसदीय क्षेत्र गोरखपुर में 25 करोड़ की लागत से रामगढ़ ताल में वॉटर स्पोर्ट्स विकसित किया जाएगा
– बुंदेलखंड में विशेष योजनाओं के लिए 200 करोड़, वहीं पूर्वांचल में विशेष योजनाओं के लिए 300 करोड़ की व्यवस्था
– जिला मुख्यालयों को जोड़ने वाली चार लेन सड़कों के लिए 71 करोड़ रुपए
– चार मेट्रों के लिए 288 करोड़ की घोषणा
– पंडित दीन दयाल उपाध्याय किसान स्मृद्धि योजना के लिए 10 करोड़ आवंटित

यूपी विधानसभा में विस्फोटक मिलने पर मुख्तार अंसारी ने कहा, मुझे मारने की प्लानिंग थी

12 जुलाई को यूपी विधानसभा में सदन के अंदर सीट के पास से विस्फोटक पदार्थ मिला था। इस मामले का खुलासा शुक्रवार को हुआ। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इसे आतंकी साजिश बताते हुए एनआईए से मामले की जांच कराए जाने की मांग की है।

अब इस मुद्दे पर मऊ से विधायक मुख्तार अंसारी ने कुछ ऐसा कह दिया है कि राजनीति गरम हो गई है। बसपा विधायक मुख्तार अंसारी ने कहा है कि सदन में विस्फोटक उनकी हत्या करने के लिए लाया गया था।

बता दें कि मुख्तार अंसारी इस समय जेल में बंद हैं। शुक्रवार को वो सदन की कार्यवाही में हिस्सा लेने पहुंचे थे। सदन में विस्फोटक मिलने की बात पर जब एक पत्रकार ने उनसे पूछा तो उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच के आदेश सीएम ने दे दिये हैं, मुझे शक है कि ये विस्फोटक मुझे मारने के लिए सदन में लाया गया था।

बता दें कि मुख्तार अंसारी और माफिया से राजनेता बने बृजेश सिंह के बीच की दुश्मनी जगजाहिर है। एक वक्त दोनों एक-दूसरे की जान लेने पर उतारू थे। आज मुख्तार और बृजेश सिंह दोनों की गिनती उत्तर प्रदेश के माननीयों में होती है। मुख्तार अंसारी विधानसभा के सदस्य हैं तो वहीं बृजेश सिंह विधान परिषद के।

मुख्तार अंसारी ने विधानसभा के सदन में विस्फोटक मिलने पर कहा, ये एक दुखदायी घटना है। इसके पीछे आतंकवादियों का हाथ हो सकता है। मुख्यमंत्री ने इस घटना की एनआईए से जांच के आदेश दिये हैं। जांच के बाद सब कुछ साफ हो जायेगा कि सदन में ये विस्फोटक कैसे पहुंचे थे। मुझे शक है कि मुझे मारने के लिए ये साजिश रची गई थी। मेरे लिये ही इस विस्फोटक को सदन के अंदर लाया गया था।

बता दें कि 11 जुलाई को यूपी विधानसभा का बजट सत्र प्रारंभ हुआ था। 12 जुलाई को प्रात: काल जब सफाई कर्मचारी आए तो संदिग्ध सामग्री प्राप्त हुई थी। आशंका व्यक्त की गई थी कि यह कोई रसायन हो सकता है। जांच में पता लगा कि यह एक खतरनाक विस्फोटक PETN था, जिसकी मात्रा 100-150 ग्राम थी। इसकी 500 ग्राम मात्रा ही पूरी विधानसभा को उड़ाने के लिए काफी है।

उत्तर प्रदेश: कंपार्टमेंट में जबरन घुस कर चलती ट्रेन में मुस्लिम परि‍वार पर हमला

उत्तर प्रदेश में एक मुस्लिम परिवार के 10 सदस्यों के साथ ट्रेन में मार-पीट और लूट की वारदात होने की खबर है। एनडीटीवी की खबर के मुताबिक, परिवार के साथ मार-पीट के दौरान हमलावरों ने महिलाओं को भी नहीं छोड़ा। वारदात बुधवार (12 जुलाई) को फर्रुखाबाद इलाके में हुई। फिलहाल यह साफ नहीं है कि हमला क्यों किया गया?

खबर के मुताबिक, मारपीट करने वालों ने परिवार के एक दिव्यांग बच्चे से मोबाइल छीन रहे थे। वहीं कुछ लोग इस मामले में लड़की से छेड़छाड़ की बात भी कह रहे हैं। परिवार की एक महिला ने कहा कि उन लोगों को बहुत मारा गया और वे लोग उनको लूटकर सारी जूलरी भी ले गए। एक शख्स ने रोते हुए बताया कि उसके बेटे को मारा-पीटा गया था। परिवार का कहना है कि 100 नंबर काम नहीं कर रहा था जिसकी वजह से पुलिस भी वक्त पर नहीं आई।

पुलिस के मुताबिक, परिवार के आठ सदस्य इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गए। अभी तक तीन लोगों से पूछताछ हुई है। वहीं किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

खबर के अनुसार, परिवार एक शादी से वापस लौट रहा था। हमलावर मार-पीट करने के लिए ट्रेन में जबरन दाखिल हुए थे। पीड़ित परिवार का यह दावा भी है कि उनके दिव्यांग बच्चे को भी बेरहमी से पीटा गया।