तेरह दिनों से लापता इंडियन एयरफोर्स के एक जवान का शव 16 टुकड़ों में बरामद हुआ है। शव 16 लिफाफों में पैक कर फ्रिज और अलमारी में रखा गया था। उसका वायुसेना के ही एक सार्जेंट की पत्नी से अवैध संबंध था जिसके बाद उस सार्जेंट ने अपने साले और पत्नी के साथ मिलकर उसकी एक धारदार हथियार से बेहरमी से हत्या कर दी थी।
एक अंग्रेजी अखबार के मुताबिक, मृतक का नाम विपिन शुक्ला है। इसकी उम्र 27साल है और वह उत्तर प्रदेश के गोंडा से था। हत्या का आरोपी सार्जेंट सुलेश कुमार भी उत्तर प्रदेश से ही है। पुलिस ने सुलेश कुमार और उसकी पत्नी अनुराधा को गिरफ्तार कर लिया है। सुलेश का साला शशि भूषण फरार हैं। शशि भूषण नेवी में है।
विपिन शुक्ला साल 2014 से भिसियाना में तैनात था। वैसे तो विपिन शादी-शुदा था, लेकिन वो यहां पत्नी के बिना ही रहता था। विपिन एयरफोर्स में कॉरपोरल के पद पर था और महिलाओं से जुड़ी एक कैंटीन में काम करता था। यहीं उसकी मुलाकात सार्जेंट की पत्नी अनुराधा से हुई। दोनों के बीच अवैध संबंध बन गए और अनुराधा गर्भवती हो गई।
पुलिस के आला अधिकारी ने बताया कि अनुराध चाहती थी कि विपिन उससे शादी कर ले, लेकिन पहले से शादीशुदा होने के चलते विपिन ने ऐसा करने से इंकार कर दिया।
साल 2016 में विपिन की पत्नी भी भिसियाना आ गई और साथ रहने लगी। इस बात से नाराज अनुराधा ने अपने और विपिन के अवैध संबंध के बारे में पति सुलेश कुमार को बताया। यह जानकर सुलेश गुस्से में आ गया और उसने हत्या का प्लान बना डाला।
क्वार्टर शिफ्ट करने से पहले 8 फरवरी को सुलेश ने विपिन को पैकिंग में मदद के लिए अपने घर बुलाया। पत्नी और साले के साथ मिलकर तेज धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और शव को संदूक में छिपा दिया। जब यह परिवार 19 फरवरी को नए घर में शिफ्ट हुआ तो उन्होंने शव को 16 टुकड़ों में काटकर थैलियों में छिपा दिया।
मुलायम सिंह यादव के भाई और जसवंतनगर विधानसभा सीट से सपा उम्मीदवार शिवपाल यादव ने बुधवार को कहा कि यदि 11 मार्च के बाद उनका अपमान नहीं हुआ तो फिर साथ में हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा, 'सपा के टिकट से चुनाव लड़ रहा हूं तो फिर सपा में ही हूं। 11 मार्च के बाद अगर अपमान और उपेक्षा न हो तो फिर साथ में ही रहेंगे।'
शिवपाल यादव ने सपा-कांग्रेस गठबंधन पर भी बात की। उन्होंने कहा कि मैं जहां कांग्रेस के उम्मीदवार लड़ रहे हैं, वहां नहीं जाना चाहता हूं। लेकिन यदि नेताजी चाहेंगे तो मैं जाऊंगा और सपा के उम्मीदवारों के लिए प्रचार करूंगा।
उन्होंने कहा कि मैं हमेशा ही जसवंतनगर सीट से जीतता आया हूं। इस बार कुछ लोग बीजेपी के साथ मिलकर और साजिश कर के मुझे हराने में लगे हुए थे। ये लोग अवैध कामों में लगे हैं। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा चाहता हूं कि नेताजी का सम्मान हो। मैं नेताजी के साथ हूं, उनका जो आदेश होगा वो ठीक है।
न्यूज एजेंसी से बातचीत में शिवपाल ने कहा कि कुछ बड़े लोगों के इशारे पर डीएम-एसएसपी ने शांत पूर्ण पोलिंग बूथ (जसवंतनगर सीट) पर लाठी चार्ज करवाया था।
निखिल प्रियदर्शी पर लगे संगीन आरोपों ने कई हाई प्रोफाइल लोगों की पोल खोल कर रख दी है। मंगलवार को पूर्व मंत्री की बेटी ने निखिल पर एक और आरोप लगाया। उसने आरोप लगाया, ''निखिल ने मेरे साथ जबरदस्ती की थी। मैं डर गई थी इस कारण कुछ नहीं कही।''
उस वक्त फैमिली सपोर्ट भी नहीं था, लेकिन अब मेरा पूरा परिवार साथ खड़ा है। पीड़िता ने खुलासा किया है कि प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार पांडेय उसे दिल्ली ले जाना चाहते थे। पीड़िता ने ऐसा करने से मना कर दिया। इस पर निखिल बौखला गया था। निखिल उसे कई नेताओं के साथ भेजने की कोशिश करता था। उसने कई बार पीड़िता के साथ मारपीट भी की जिससे उसके शरीर के अलग-अलग हिस्सों में चोट आयी है।
आरोपितों और पीड़िता का टावर लोकेशन एक साथ मिला है। पीड़िता ने जिस दिन ब्रजेश पांडेय को साथ होने की बात कही थी उस रोज के सिर्वलांस में ये बातें सामने आयी हैं। ब्रजेश, निखिल और पीड़िता एक ही जगह थे।
आरोप है कि निखिल ने धोखे से पीड़िता के कोल्डड्रिंक में नशे की गोलियां मिला दीं। जब वह नशे में थी तो ब्रजेश पांडेय ने उसके साथ गलत करने की कोशिश की।
पीड़िता ने बताया कि विडियो बनाकर निखिल उसे ब्लैकमेल करता था। उसे कहीं नहीं जाने की धमकी देता था। निखिल ने एक बार उसे धमकी दी थी कि अगर वह कानून की चौखट तक गयी तो परिणाम ठीक नहीं होंगे। वह उसकी हत्या तक करवा सकता है।
निखिल के रसूख व ऊपरी कनेक्शन के कारण अब तक वह बचता आ रहा है। पीड़िता ने ऐसे ही आरोप लगाए हैं। उसने कहा कि एक बड़े पुलिस अधिकारी का बेटा निखिल का दोस्त है। कई नेताओं और पुलिसवालों से उसके बेहतर संबंध हैं।
अय्याशी करने में आगे रहने वाले निखिल प्रियदर्शी के संबंध काफी दिनों तक एक भोजपुरी अभिनेत्री से रहे थे। निखिल ने उसे पटना के राजापुर पुल इलाके में स्थित फ्लैट में रखवाया था। इसके लिए वह 30 हजार प्रति महीना रुपए भी खुद ही देता था।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सदानंद सिंह मंगलवार की शाम पीड़िता के घर पहुंचे। उससे और पीड़िता के पिता से बात की। कांग्रेस नेता पीड़िता के घर से केस से जुड़े कुछ कागजात ले गए। उन्होंने पीड़ित परिवार को हरसंभव मदद करने की बात कही। करीब आधे घंटे तक समय बिताने के बाद सदानंद वहां से निकल गए।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष ब्रजेश पांडेय ने नैतिकता के आधार पर पार्टी के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मंगलवार को अपना इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अशोक चौधरी को भेजा, जिसे अध्यक्ष ने स्वीकार कर लिया। उक्त जानकारी प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता व पूर्व विधायक डॉ. हरखु झा ने दी।
अपने पत्र में पांडे ने कहा है कि कुछ दिन पहले समाचार पत्रों में आए समाचार के आधार पर मुझे पता चला कि मुझे एक साजिश के तहत गलत ढंग से गंदे एवं घिनौने आरोपों में फंसाने की साजिश रची जा रही है। मैं कांग्रेस का सच्चा सिपाही हूं। मैं नहीं चाहता हूं कि पार्टी को मेरी वजह से किसी प्रकार की क्षति हो।
उल्लेखनीय है कि एक पूर्व कांग्रेस मंत्री की पुत्री ने वाहन कारोबारी निखिल प्रियदर्शी के साथ पांडे के खिलाफ यौन शोषण करने, सेक्स रैकेट चलाने सहित कई गंभीर आरोप लगाए हैं।
पूर्व मंत्री की पुत्री के साथ दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने के मुख्य आरोपित निखिल प्रियदर्शी की अग्रिम जमानत की अर्जी पर मंगलवार को सुनवाई हुई। पॉक्सो की विशेष अदालत ने मामले में सुनवाई के लिए 27 फरवरी को अगली तिथि निर्धारित की है।
इससे पहले पॉक्सो के विशेष न्यायाधीश परवेज आलम ने इस मामले के अभियुक्त रिटायर आईपीएस और निखिल प्रियदर्शी के पिता कृष्ण बिहारी प्रसाद सिन्हा और भाई मनीष प्रियदर्शी की अग्रिम जमानत अर्जी को खारिज कर दिया है। अदालत ने उसके दोस्त संजीत शर्मा की भी अग्रिम जमानत खारिज कर दी है। इस मामले के मुख्य अभियुक्त निखिल प्रियदर्शी पुलिस की गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा है। जमानत खारिज होने के बाद उसके पिता, भाई और दोस्त भी गिरफ्तारी के डर से फरार हो गए हैं।
पीड़िता का 164 के तहत कोर्ट में बयान भी पुलिस ने दर्ज कराया है। बयान में कहा है कि निखिल प्रियदर्शी जबरन उसका यौन शोषण करता था। इस काम में उसका साथ दोस्त संजीत कुमार और भाई दिया करता था।
पीड़िता ने यह भी कहा है कि एक बार उसके विरोध करने पर उसे कुर्सी से बांध कर पीटा गया। इसके अलावे पुलिस और कोर्ट में जाने पर जान से मारने की भी धमकी देते थे। इस मामले में एससी एसटी थाने में 22 जुलाई 2016 को प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी जिसमें निखिल प्रियदर्शी समेत अन्य को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।
वहीं, कांड के आईओ ने जिला एवं सत्र न्यायाधीश के यहां आवेदन दाखिल कर इस मामले को एससी एसटी कोर्ट से ट्रांसफर कोर्ट में भेजने का अनुरोध किया है। बहरहाल, अभी इस मामले का अभिलेख एससी एसटी कोर्ट में ही चल रहा है।
अब अगली सुनवाई 27 फरवरी को होगी।
समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद और मुलायम सिंह के करीबी अमर सिंह अब बगावत पर उतर आए हैं। अमर सिंह ने मुलायम सिंह और अखिलेश यादव पर आरोप लगाया कि पिता-पुत्र ने मिलकर झगड़े की पटकथा लिखी थी।
न्यूज-18 चैनल को दिए इंटरव्यू में अमर सिंह ने कहा है कि मुलायम सिंह और अखिलेश यादव एक हैं और हमेशा एक ही रहेंगे। राज्य सभा सांसद ने कहा कि पिता मुलायम सिंह यादव से अखिलेश का सत्ता संघर्ष पूरी तरह ड्रामा था और इसकी स्क्रिप्ट खुद नेता जी (मुलायम सिंह) ने ही तैयार की थी।
अमर सिंह ने चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा कि मुलायम अपने बेटे के हाथों हार के खुश हैं। साइकिल, बेटा और एसपी (समाजवादी पार्टी) उनकी कमजोरी है। पूरे घटनाक्रम को ड्रामा बताते हुए अमर सिंह ने कहा, ''यह एक रचा हुआ ड्रामा था जिसमें हम सभी को रोल दिया गया था। मुझे बाद में अहसास हुआ कि मेरा इस्तेमाल किया जा रहा है।''
यह पूरा फैमिली ड्रामा मुलायम सिंह यादव ने रचा। वह इसके स्क्रिप्ट राइटर है। ऐसा अखिलेश की छवि सुधारने के लिए किया गया। यह सारा नाटक सत्ता विरोधी लहर, कानून-व्यवस्था की स्थिति से लोगों का ध्यान हटाने की एक चाल थी ताकि विधानसभा चुनाव में उनको इसका लाभ मिल सके। अमर सिंह यहीं नहीं रुके। उन्होंने अखिलेश यादव के नेतृत्व पर प्रश्न चिंह लगाए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बचाव करते हुए अमर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी पार्टी का नहीं होता। अमर सिंह ने पीएम मोदी को बाहरी बताने वाले बयान पर अखिलेश और राहुल गांधी दोनों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अखिलेश मुझे बाहरी कहते हैं तो मैं तो हमेशा से बाहरी था, वहां पर अंदर के लोग तो सिर्फ मुलायम सिंह, अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और रामगोपाल यादव हैं, सारे निर्णय ये चार लोग करते हैं।
कुछ दिन पहले मुलायम और अखिलेश के बीच पार्टी पर वर्चस्व बनाने को लेकर लोगों ने घमासान देखा और ये लड़ाई चुनाव आयोग में जाकर समाप्त हुई जब बेटे का पक्ष लेते हुए चुनाव आयोग ने पार्टी का चुनाव चिन्ह साइकिल पुत्र को दे दिया।
हालांकि इस सारे मनमुटाव के लिए जिम्मेदार अमर सिंह को ठहराया गया।
भारत में तेजी से बढ़ते ई-कॉमर्स बाजार में छूट (डिस्काउंट) के नाम पर बड़ा खेल चल रहा है। उत्पाद पर दिखाई जाने वाली छूट के फर्जी होने के दावे सामने आए हैं।
एक सर्वेक्षण में 41 फीसदी खरीदार इसके भुक्तभोगी बताए गए हैं। सरकार ने भी इससे जुड़े आंकड़े तलब किए हैं। 'लोकल सर्कल' नाम की संस्था द्वारा यह सर्वेक्षण 200 जिलों में 10 हजार लोगों के बीच किया गया है।
सर्वेक्षण के मुताबिक, ऑनलाइन बाजार में उत्पादों के अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) को बढ़ाकर भारी छूट मुहैया कराई जाती है। 34 फीसदी लोग इस मामले में समझ ही नहीं पाए कि उनके साथ कोई धोखाधड़ी हुई है। जबकि 25 फीसदी खरीदार इस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म में होने वाली गड़बड़ी से अनभिज्ञ थे।
हालांकि ई-कॉमर्स कंपनियों का कहना है कि वह सिर्फ माध्यम हैं। जिन विक्रेताओं द्वारा ऐसा किए जाने की सूचना या शिकायत मिलती है, उन्हें तत्काल प्रभाव से काली सूची में डाल दिया जाता है।
आंकड़ें पर एक नजर
- भारतीय ई-कॉमर्स बाजार 2021 तक 76 अरब डॉलर पहुंच जाएगा
- 60 करोड़ डॉलर से 12.3 अरब डॉलर हो गया भारत का ई-कॉमर्स बाजार दो साल में
(नील्सन के एक अध्ययन के मुताबिक)
‘लोकल सर्कल’ संस्था का कहना है कि ई-कॉमर्स कंपनियों को और जिम्मेदार बनना होगा। ई-कॉमर्स को एकजुट होकर धांधली करने वाले विक्रेताओं को प्रतिबंधित करना चाहिए।
महाराष्ट्र में बीजेपी समर्थित विधानपरिषद सदस्य प्रशांत परिचारक ने सैनिकों की पत्नियों को लेकर विवादित बयान दिया है। विभिन्न नगर निकायों और जिला परिषद चुनावों से पहने सोलापुर एमएलसी ने सैनिकों की पत्नियों की वफादारी और चरित्र पर सवाल खड़े किए हैं।
अपने जिले में एक रैली को संबोधित करते हुए परिचारक ने शनिवार को कहा था, ''सैनिक बच्चा होने के बाद पंजाब बॉर्डर पर मिठाइयां बांटते हैं, जबकि वे पूरे एक साल से घर नहीं आए थे।'' परिचारक के इस बयान की समाज के विभिन्न हिस्सों ने निंदा की जिसके बाद उन्होंने एक बयान जारी करते हुए कहा कि उनका इरादा सैनिकों का अपमान करने का नहीं था।
उन्होंने कहा, ''मैं व्यक्तिगत तौर पर सैनिकों और उनके परिवारों का सम्मान करता हूं। अगर उनकी भावनाएं आहत हुईं हों तो मैं क्षमा मांगता हूं। इस तरह की बात करना मेरी गलती थी।''
हालांकि कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने इस बयान को 'पूरी तरह निंदनीय और अपमानजनक'' बताया है। उन्होंने कहा, ''भाजपा को परिचारक के बयान पर अपनी स्थिति साफ करनी चाहिए और यह बताए कि वह ऐसे बयानों का समर्थन करती है या नहीं। सैनिकों का अपमान करना राष्ट्रद्रोह है और बीजेपी को इसपर सफाई देनी ही चाहिए।''
नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की महिला विंग की प्रदेश अध्यक्ष चित्रा वाघ ने डेक्क्न क्रॉनिकल से बातचीत में इस बयान को 'भद्दा' बताया है। उन्होंने कहा, ''नेता (परिचारक) ने सेना की बेइज्जती की है। बीजेपी का पर्दाफाश हो गया, उनके खिलाफ कार्रवाई जरूर होनी चाहिए।''
महाराष्ट्र बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता, माधव भंडारी ने इस मुद्दे पर यह कहते हुए टिप्पणी करने से इनकार कर दिया कि परिचारक सीधे तौर पर पार्टी से नहीं जुड़े हैं।
हालांकि परिचारक के बयान का बीएमसी चुनावों में भाजपा को नुकसान हो सकता है। यहां 21 फरवरी को मतदान होना है। भाजपा पिछले साल अक्टूबर में सेना द्वारा की गई 'सर्जिकल स्ट्राइक्स' को भुनाने की कोशिश कर रही है क्योंकि सतारा, कोल्हापुर और सांगली जैसे जिलों से बड़ी संख्या में सैनिक आते हैं, जहां मंगलवार को वोटिंग होनी है।
गौरतलब है कि इन बीएमसी चुनावों में भाजपा और शिवसेना अलग-अलग लड़ रही हैं। शिवसेना अध्यक्ष ने कहा था कि राजग में बने रहने का फैसला चुनाव बाद लिया जाएगा।
उत्तर प्रदेश चुनाव के दौरान राजनीतिक पार्टियां एक-दूसरे पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं चूक रहीं। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई बार उत्तर प्रदेश के सीएम अखिलेश यादव पर वार कर चुके हैं, वहीं अखिलेश यादव भी तुरंत उसका जवाब दे रहे हैं।
अखिलेश ने सोमवार को रायबरेली में रैली करते हुए गुजरात टूरिज्म के एक विज्ञापन पर चुटकी ली। इस विज्ञापन में अमिताभ बच्चन को दिखाया गया है, जो गुजरात के खास गधों की विशेषताएं बता रहे हैं। इसपर चुटकी लेते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गुजरात के गधों का विज्ञापन करना बंद कीजिए।
अखिलेश ने इस पूरे विज्ञापन को पढ़कर भी सुनाया। अखिलेश ने कहा, गुजरात के तो गधों का भी प्रचार किया जा रहा है और प्रधानमंत्री मुझ पर इल्जाम लगाते हैं।
गौरतलब है कि एक जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री ने सपा सरकार पर जनता का पैसा विज्ञापनों पर लुटाने की बात कही थी। यह पहली बार है जब अखिलेश ने किसी चुनावी जनसभा में अमिताभ बच्चन का नाम लिया हो।
बता दें कि अमिताभ की पत्नी और एक्ट्रेस जया बच्चन सपा सांसद हैं।
इसके अलावा अखिलेश यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। अखिलेश ने पीएम मोदी के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें पीएम ने कहा था कि अगर रमजान पर 24 घंटे बिजली आती है तो दिवाली पर भी आनी चाहिए। इसपर अखिलेश यादव ने कहा, ''आप (पीएम) गंगा मैय्या को बहुत मानते हो, गंगा की कसम खाओ और बोलो सपा 24 घंटे बनारस में बिजली दे रही है या नहीं।'' उन्होंने कहा, ''आप तो गंगा को हमसे ज्यादा मानते हो, लेकिन गंगा हमारे यहां से पहले गुजरती है।''
अखिलेश ने रायबरेली के ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से सपा प्रत्याशी मनोज पाण्डेय के समर्थन में आयोजित चुनावी सभा में कहा, ''हम मानते हैं कि अगर गांव का गरीब किसान गंगा की तरफ हाथ करके कसम खाता है तो सच ही बोलता है। बताओ, जिसको काशी ने चुनकर भेजा है, हमें उस पर कितना भरोसा करना चाहिये।''
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने भारत के पीएम और बीजेपी नेता नरेंद्र मोदी को जवाब देते हुए कहा है कि नरेंद्र दामोदर मोदी यानी निगेटिव दलित मैन। इससे पहले पीएम ने उरई में सोमवार को बसपा का मतलब बहनजी सम्पत्ति पार्टी कहा था।
मायावती ने सुल्तानपुर में कहा कि बसपा पार्टी बाद में, पहले एक आंदोलन है। उन्होंने साथ ही कहा कि वह देश के दलितों की धरोहर हैं। कांग्रेस और सपा का स्वार्थ का गठबंधन है और काम नहीं, सपा का अपराध बोल रहा है।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी से जनता दुखी है। उन्होंने कहा कि मुलायम ने पुत्र मोह में अपने भाई शिवपाल को बेइज्जत कराया। सपा में दो खेमे एक दूसरे को हराने का काम कर रहे हैं। भाजपा आई तो आरएसएस का एजेंडा लागू होगा।
उन्होंने कहा कि जामिया और अलीगढ़ विश्वविद्यालय का अल्पसंख्यक का दर्जा छीनने की कोशिश की गई है। अल्पसंख्यकों में असुरक्षा व्याप्त है। उन्होंने दावा किया कि यूपी में पूर्ण बहुमत की सरकार बनेगी।
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के जालौन के उरई में जनता को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी में सबसे बुरा हाल अगर किसी क्षेत्र का है तो वह बुंदेलखंड का है।
पीएम ने बुन्देली में का हो रओ... कहकर जनता को संबोधित करना शुरू किया। उन्होंने आगे कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस राज में सब तबाह हो गओ...का मैं, सही कह रहो..।
मोदी ने कहा कि यदि बीजेपी की सरकार बनती है तो बुंदेलखंड की आवाज को सुना जाएगा। पीएम मोदी ने बसपा सुप्रीमो मायावती पर हमला करते हुए कहा कि बहनजी ने नोटबंदी पर कहा पूरी तैयारी नहीं की थी। सरकार ने नहीं की थी या आपने नहीं की थी। नोटबंदी से ज्यादा इन्हें इस बात की परेशानी है कि तैयारी का मौका नहीं मिला।
पीएम मोदी ने बसपा को नया नाम देते हुए कहा कि अब बसपा का नाम बदल गया है। अब वह बहुजन समाज पार्टी नहीं रह गई है बल्कि बहनजी सम्पत्ति पार्टी बन गई है।
उन्होंने कहा कि ये चुनाव मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं है, इस क्षेत्र को तय करना है कि सपा-बसपा से बाहर आना है या नहीं। सपा-बसपा या कांग्रेस सब एक ही सिक्के के अलग-अलग पहलू हैं। आप अपने आप से पूछो, आपके साथ अन्याय हुआ है या नहीं, आपकी उपेक्षा हुई है या नहीं? सरकार में जो भी आया, वो बुंदेलखंड को लूटते रहे।
उन्होंने कहा कि जब भाजपा की सरकार बनेगी तब बुंदेलखंड की बात सुनने के लिए एक स्वतंत्र 'बुंदेलखंड विकास बोर्ड' बनाया जाएगा। सपा-बसपा एक-दूसरे के जानी दुश्मन हैं, घोर विरोधी हैं, लेकिन नोटबंदी पर दोनों एक हो गए।
उन्होंने कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस को चुन-चुन कर साफ कर दीजिए और ऐसी सजा दीजिए कि जो 'टेकेन फॉर ग्रानटेंड' मानते है, वो भूल जाएं। पीएम ने कहा कि बुंदेलखंड की बर्बादी को ठीक करने के लिए, गढ्ढे से बाहर निकालने के लिए, लखनऊ में भी बीजेपी का इंजन लगाना होगा। बुंदेलखंड में बस एक ही उद्योग पनपा है, 'अवैध खनन' उसके लिए ही लखनऊ से यहां लोग आते हैं।
अवैध खनन पर लगाम लगाने के लिए पीएम ने कहा कि अवैध खनन के कारोबार को खत्म करने के लिए एक स्कॉड बनाया जाएगा। वैज्ञानिकों ने जो सैटेलाइट लॉन्च किए हैं, उसका उपयोग हम अवैध खनन को रोकने के लिए करेंगे। भू-संपत्ति को बचाने के लिए हम सैटेलाइट का उपयोग करेंगे और दोषी को दंड दिया जाएगा। यहां जो अवैध खनन कर रहा है, वो लखनऊ में बैठे नेता के लिए कर रहा है। बुंदेलखंड को इस संकट से निकालना है, यहां का विकास करना है।
उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में रविवार को जमकर वोटिंग हुई। मतदाताओं के उत्साह ने आखिरकार पिछले विधानसभा चुनाव का रिकार्ड तोड़ ही दिया। उत्तर प्रदेश के 12 जिलों की 69 सीटों पर रविवार को 61.16 फीसदी मतदान हुआ।
वर्ष 2012 में हुए विधानसभा चुनाव में इस तीसरे चरण में कुल 59.96 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2014 के पिछले लोकसभा चुनाव में इन जिलों में कुल 58.43 फीसदी वोट पड़े थे।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी. वेंकटेश के अनुसार, तीसरे चरण में भी मतदान शांतिपूर्ण रहा। छिटपुट झड़पों को छोड़कर कहीं कोई बड़ी अप्रिय घटना नहीं हुई। जसवंतनगर व कानपुर में दो गुटों में हुई झगड़ों के बारे में प्रेस कान्फ्रेंस में मौजूद एडीजी ला एण्ड आर्डर दलजीत चौधरी ने कहा कि पुलिस ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की और इस कार्रवाई के चलते कहीं भी मतदान प्रभावित नहीं हुआ।
लखनऊ के अलावा औरैया, कन्नौज, बाराबंकी, उन्नाव, सीतापुर, फर्रुखाबाद, हरदोई, कानपुर देहात, कानपुर नगर, मैनपुरी व इटावा में मतदान हुआ। सुबह सात बजे शुरू हुए मतदान की रफ्तार आरंभ में धीमी रही, मगर जैसे-जैसे दिन चढ़ता गया मतदान में भी तेजी आती गई।
लखनऊ के विभिन्न मतदान केन्द्रों पर कई प्रमुख सियासी हस्तियों ने वोट डाले जिनमें केन्द्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, बसपा प्रमुख मायावती, केन्द्रीय मंत्री कलराज मिश्र व उमा भारती, मुख्य निर्वाचन अधिकारी टी.वेंकटेश, मुख्य सचिव राहुल भटनागर, डीजीपी जावीद अहमद, महापौर डॉ. दिनश शर्मा आदि प्रमुख हैं।
सीतापुर में तैनात माइक्रो आब्जर्वर का दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। वह लखनऊ से सीतापुर चुनाव डयूटी करने जा रहे थे कि रास्ते में ही यह घटना हो गई। वह सीतापुर सीट के धरैया मतदान केन्द्र पर तैनात थे और एसबीआई की सिधौली शाखा में कैशियर के पद पर कार्यरत थे।
हरदोई में कृष्णपाल नामक एक होमगार्ड की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। बाराबंकी में ड्यूटी के दौरान एक तृतीय श्रेणी कर्मचारी की मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हरदोई में चुनाव डयूटी के दौरान मरे गार्ड और बाराबंकी में मरे तृतीय श्रेणी कर्मचारी के मामलों को चुनाव आयोग ने संज्ञान में लिया है और इन दोनों के परिजनों को चुनाव डयूटी के नियमों के अनुसार दस-दस लाख रुपये का मुआवजा देने की कार्रवाई की जा रही है, जबकि सीतापुर में चुनाव डयूटी करने जा रहे माइक्रो आब्जर्वर के मामले में आयोग ने सीतापुर के डीएम से रिपोर्ट मांगी है।









